MCD Mayor Election: मेयर चुनाव के लिए एमसीडी की बैठक 24 जनवरी को, LG ने दी मंजूरी
दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना और आम आदमी पार्टी के बीच चल रही खींचतानी में मेयर चुनाव के लिए एमसीडी की बैठक की तारीख आ गई है। एलजी विनय कुमार सक्सेना ने कहा है कि एमसीडी की बैठक 24 जनवरी को होगी।

Delhi MCD Mayor Election News: दिल्ली मेयर पद का चुनाव अब 24 जनवरी को होगा। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सोमवार (16 जनवरी) को 24 जनवरी को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की बैठक बुलाने को मंजूरी दे दी है। एलजी विनय कुमार सक्सेना ने कहा, ''मैंने सारी बातों का अवलोकन किया है और जैसा कि प्रस्तावित है, मैं 24 जनवरी को सुबह 11 बजे दिल्ली नगर निगम की बैठक बुलाने की स्वीकृति देता हूं।"
इससे पहले दिल्ली के विधानसभा सत्र की कार्यवाही को आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हंगामे के बाद स्थगित कर दी गई थी। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ये बैठक मेयर के चुनाव और स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए है।
AAP पार्टी ने चुनाव के लिए सुझाई थी 4 तारीखें
पिछले हफ्ते दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार ने एमसीडी मेयर के चुनाव कराने के लिए चार तारीख 18, 20, 21 और 24 जनवरी सुझाई थी। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्विटर पर कहा था कि दिल्ली नगर निगम पिछले आठ महीनों से मेयर के बिना काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा था, ''दिल्ली में मेयर का चुनाव 18, 20, 21 या 24 जनवरी को कराने के लिए एलजी को प्रस्ताव भेजा गया है। उनसे अनुरोध किया गया है कि पिछले आठ महीने से एमसीडी बिना मेयर के काम कर रही है। इसलिए इसमें और देरी करना अच्छा नहीं है।''
बता दें कि दिसंबर 2022 में हुए पिछले निकाय चुनावों में, आम आदमी पार्टी ने 250 वार्डों में से 134 पर सीट पर जीत हासिल की थी। वहीं भाजपा ने 104 वार्ड जीते। एमसीडी में भाजपा का 15 सालों तक शासन था।












Click it and Unblock the Notifications