PM मोदी कितनी कोशिश कर लें, केजरीवाल का काम नहीं रोक पाएंगे- मनीष सिसोदिया
आबकारी नीति मामले से जुड़े एक मामले में मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 8 मई तक बढ़ा दी गई है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कितनी कोशिश कर लें, अरविंद केजरीवाल का काम नहीं रोक पाएंगे।

Delhi Liquor Scam: आबकारी नीति मामले से जुड़े एक मामले में शनिवार को आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने न्यायिक हिरासत 8 मई तक बढ़ा दी है। पुलिस सुरक्षा के बीच कोर्ट ले जाए जाने के दौरान सिसोदिया ने मीडियाकर्मियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कितनी कोशिश कर लें, अरविंद केजरीवाल का काम नहीं रोक पाएंगे।
उधर, बीते दिन यानी शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को कथित आबकारी घोटाले के सिलसिले में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत देने से इनकार कर दिया। विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच किए जा रहे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी।
सिसोदिया के वकील ने रखी ये दलीलें
इससे पहले, सिसोदिया की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता दयान कृष्णन ने कहा कि ईडी का काम यह बताना नहीं है कि जीओएम और कैबिनेट में क्या हुआ, ईडी का काम यह बताना होना चाहिए कि अगर कोई अपराध हुआ है, तो इससे किसे फायदा हुआ। वकील ने कहा कि सिर्फ अटकलों के आधार पर सिसोदिया को हिरासत में नहीं रखा जा सकता. उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के नेता के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला नहीं बनता है। प्रवर्तन निदेशालय ने जमानत याचिका का विरोध किया था और कहा था किशराब कार्टेल को रिश्वत पाने के लिए अवैध लाभ देने के लिए एक अवैध पारिस्थितिकी तंत्र बनाया गया था।
ईडी की ओर से पेश जोहैब हुसैन ने दलील पेश करते हुए कहा कि इस मामले में साजिश के सभी तत्व यहां मौजूद हैं। साजिश गोपनीयता में रची जाती है, सार्वजनिक डोमेन में बनाई गई नीति, ईडी के वकील ने प्रस्तुत किया और यह भी कहा कि अपराध की आय से निपटने वाली गतिविधि की हर प्रक्रिया मनी लॉन्ड्रिंग है।
9 मार्च को हुई थी सिसोदिया की गिरफ्तारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 9 मार्च को तिहाड़ जेल में घंटों पूछताछ के बाद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को शराब नीति मामले में गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications