Delhi Liquor Booking: दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग, पर घर नहीं आएगी बोतल! समझें QR कोड और 48 घंटे का नियम
Delhi Liquor Booking App: राजधानी दिल्ली में शराब खरीदने के लिए दुकानों के बाहर लंबी कतारों में लगने और बिलिंग काउंटर पर धक्का-मुक्की का सामना करने से अब राहत मिलने जा रही है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) ने आधिकारिक तौर पर शराब की ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शराब घर तक डिलीवर होगी?
अगर आपका भी यही सवाल है तो इसका सीधा और स्पष्ट जवाब है नहीं। दिल्ली सरकार की ओर से फिलहाल शराब की होम डिलीवरी की कोई अनुमति नहीं दी गई है। यह पूरी प्रणाली विशुद्ध रूप से 'क्लिक एंड कलेक्ट' (Click & Collect) मॉडल पर आधारित है। यानी आप घर बैठे ऐप के माध्यम से अपना पसंदीदा ब्रांड चुनकर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं और उसके बाद आवंटित दुकान पर जाकर बिना लाइन में लगे अपनी बोतल कलेक्ट कर सकते हैं। यदि कोई शराब होम-डिलिवरी का भ्रामक प्रचार करता है तो सावधान रहें।

एक लाइन में - दिल्ली में शराब की ऑनलाइन सिर्फ बुकिंग होगी केवल DSIIDC ऐप पर, होम-डिलिवरी नहीं। बुकिंग के बाद 48 घंटे के अंदर ग्राहक को खुद कलेक्ट करना होगा। इस सुविधा का फायदा यह है कि अनावश्यक लंबी लाइन से छुटकारा मिल जाएगा और पीक-आवर में ओवर-चार्जिंग पर लगाम लगेगी।
दिल्ली में कहां-कहां मिलेगी ऑनलाइन शराब खरीदने की सुविधा
दिल्ली में खुदरा शराब की बिक्री पूरी तरह से चार सरकारी उपक्रमों द्वारा संचालित की जाती है। वर्तमान में शहर भर में 700 से अधिक शराब दुकानें संचालित हैं। इनमें DSIIDC के अलावा दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (DSCSC) और दिल्ली उपभोक्ता सहकारी थोक भंडार (DCCWS) शामिल हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार, वर्तमान में यह ऑनलाइन प्री-बुकिंग सेवा केवल DSIIDC द्वारा संचालित 208 खुदरा दुकानों पर ही शुरू की गई है। यदि आपके नजदीकी इलाके की दुकान किसी अन्य सरकारी निगम के अधीन आती है, तो वहां यह ऐप काम नहीं करेगा।
DSIIDC APP पर कैसे होगी ऑनलाइन शराब बुकिंग - स्टेप बाय स्टेप गाइड
बुकिंग से पहले ये जरूर समझ लें कि ये होम-डिलिवरी सर्विस नहीं है। बुकिंग ऑनलाइन पेमेंट के बाद हो जाएगी, पिक-अप आपको खुद करना होगा। ये रहा स्टेप-बाय-स्टेप यूजर्स गाइड:
- स्टेप 1: गूगल प्ले स्टोर से DSIIDC द्वारा जारी 'Delhi Liquor Booking' ऐप डाउनलोड करें।
- स्टेप 2: ऐप में अपनी मौलिक जानकारी दर्ज करें।
- स्टेप 3: अपने नजदीकी क्षेत्र या पसंदीदा DSIIDC वेंड का चयन करें।
- स्टेप 4: ऐप पर संबंधित दुकान में उपलब्ध स्टॉक, बोतल का साइज और कीमत देखकर अपनी पसंद की शराब कार्ट में ऐड करें।
- स्टेप 5: यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए सुरक्षित भुगतान पूरा करें।
- स्टेप 6: पेमेंट सक्सेसफुल होते ही ऐप में एक डिजिटल रसीद और एक यूनिक QR कोड जनरेट होगा।
- स्टेप 7: संबंधित DSIIDC ठेके पर जाकर विशेष काउंटर पर यह QR कोड दिखाएं।
- स्टेप 8: कर्मचारी कोड को स्कैन करेगा और बिना कतार में लगे आपको आपका ऑर्डर सौंप दिया जाएगा।

दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बिक्री के नियम
राष्ट्रीय राजधानी में ऑनलाइन शराब बुकिंग की सुविधा का यह अर्थ कतई नहीं है कि आबकारी नियमों में कोई ढील दी गई है। यह बस ऐप से बुकिंग के द्वारा शराब दुकानों के बाहर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने के लिए किया गया है। आइए समझते हैं ऑनलाइन शराब बुकिंग के लिए क्या-क्या नियम या सामान्यतः पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ):
Q1: क्या दिल्ली की सभी शराब दुकानों पर यह ऐप काम करेगा?
उत्तर: नहीं, यह सुविधा केवल DSIIDC द्वारा संचालित 208 सरकारी शराब दुकानों पर शुरू की गई है। DTTDC, DCCWS और DSCSC की दुकानों पर यह व्यवस्था फिलहाल लागू नहीं है।
Q2: क्या 'Delhi Liquor Booking' ऐप से शराब घर पर मंगाई जा सकती है?
उत्तर: नहीं, दिल्ली सरकार के नियमों के अनुसार शराब की होम डिलीवरी की अनुमति नहीं है। ऐप का काम केवल एडवांस बुकिंग और पेमेंट की सुविधा देना है, बोतल लेने के लिए ग्राहक को खुद तय दुकान पर जाना होगा।
Q3: बुकिंग के बाद शराब लेने के लिए कितना समय मिलता है?
उत्तर: ऑनलाइन भुगतान सफल होने के बाद ग्राहक को 48 घंटे के भीतर संबंधित DSIIDC ठेके से शराब उठानी होगी।
Q4: क्या ऑर्डर रद्द करने पर रिफंड मिल सकता है?
उत्तर: हां, जब तक आपने दुकान पर जाकर QR कोड स्कैन कराकर शराब नहीं ली है, तब तक ऑर्डर कैंसिल किया जा सकता है। दुकान से शराब हैंडओवर होने के बाद कोई रिफंड या एक्सचेंज नहीं होगा।
Q5: क्या कोई भी व्यक्ति दिल्ली में ऑनलाइन शराब खरीद सकता है?
उत्तर: इसके लिए नियम में कोई परिवर्त्तन नहीं है। उम्र को लेकर शराब खरीद पर जो नियम पहले से हैं, वो लागू रहेंगे। DSIIDC ऐप पर रजिस्ट्रेशन के समय मौलिक जानकारी में उम्र सीमा का खुलासा करना जरूरी है। शराब कलेक्ट करने वाले की उम्र भी 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
Q6: एक बार में अधिकतम कितनी शराब ऑनलाइन खरीदी जा सकती है?
रिपोर्ट के मुताबिक एक बार में अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर की सीमा तय की गयी है।


Click it and Unblock the Notifications
