दिल्ली: खेत में मिला कटा हुआ इंसानी पैर, दहशत का माहौल
देश की राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में एक कटा हुआ इंसानी पैर नजर आया। इंसानी पैर मिलने की खबर सुनते ही बवाना गांव और आस-पास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में एक कटा हुआ इंसानी पैर नजर आया। इंसानी पैर मिलने की खबर सुनते ही बवाना गांव और आस-पास के इलाकों में हड़कंप मच गया। दहशत में आए लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैर को अपने कब्जे में ले लिया। आशंका है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को टुकड़ों में काटकर ठिकाने लगाने के मकसद से इस पैर को फेंका गया है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह गांव का एक युवक शौच के लिए खेत में गया। इसी दौरान उसे खेत में एक कटा हुआ इंसानी पैर नजर आया। कटा हुआ इंसानी पैर देखकर युवक दहशत में आ गया और उसने अपने भाई को इस बात की सूचना दी। सूचना पर कुछ और लोग भी खेत पर पहुंचे। कटा हुआ पैर मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पैर को अपने कब्जे में लिया और आस-पास के खेतों में शव के अन्य अंगों की तलाश की। पुलिस को आशंका है कि किसी व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसके शव को काटकर अलग-अलग हिस्सों में फेंका गया है। काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस को कुछ नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आस-पास के लोगों से बात की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


Click it and Unblock the Notifications
