Video: दिल्ली की सड़कों पर चल रहे बेदर्द लोग! कार की टक्कर के बाद छत पर गिरा बाइक सवार, 3 KM तक ले गया लाश
Delhi SUV Driver Video: दिल्ली से एक बार फिर दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कार सवार ने बाइक से टक्कर के बाद युवक को 3 किमी तक छत पर गिरने के बाद घसीटा। इस हादसे में युवक की मौत हो गई।

Delhi Hit and Drag case: राजधानी दिल्ली कहने को तो दिलवालों की है, लेकिन अब ऐसा लगता है कि यहां इंसानियत खत्म होती जा रही है! क्योंकि साल की शुरुआत में ही कंझावला कांड ने लोगों को हिलाकर रख दिया था। वहीं अब एक बार फिर ऐसी ही डरावनी घटना सामने आई है।
31 दिसंबर-1 जनवरी 2023 के दरमियान कंझावला में कार सवार पांच युवकों ने एक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कई किलोमीटर तक घसीटा था। लड़की कार के पहिए के पास फंस गई थी, लेकिन बेसुध युवकों ने कार नहीं रोकी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
छत पर लाश, कार सवार नहीं रूका
वहीं अब SUV कार सवार ने पहले बाइक में जोरदार टक्कर मारी। जिसके बाद बाइक सवार उछलकर कार की छत पर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई, लेकिन कार सवार ने 3 किलोमीटर तक गाड़ी नहीं रोकी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। (नीचे दिया गया वीडियो दर्शकों को परेशान कर सकता है)
एसयूवी कार ने दो लोगों को टक्कर मारी थी, जिनमें से एक युवक हादसे के बाद कार की छत पर गिर गया। इस घटना का एक चश्मदीद ने वीडियो बनाया, जिसमें देखा जा सकता है कि कार की छत पर युवक की लाश है, जिसे लेकर कार 3 किलोमीटर तक बिना रुके चलती रही।
घटना रविवार की रात 11 बजे की है। जब दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग और टॉल्स्टॉय मार्ग के चौराहे पर एक एसयूवी ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। कार के बाइक से टकराने के बाद मुकुल (20) वाहन से कूद गया, जबकि दीपांशु वर्मा (30) कार की छत पर गिरा, लेकिन एसयूवी रुकी नहीं और लगभग 3 किलोमीटर तक दीपांशु के शव को ढोती रही।
मृतक दीपांशु ज्वैलरी की दुकान चलाता था, जो कि अपने माता-पिता की इकलौता बेटा था।
चश्मदीद ने बनाया वीडियो
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चश्मदीद मोहम्मद बिलाल ने अपने स्कूटर से कार का पीछा किया और कार की छत पर पड़े दीपांशु के शव का वीडियो बना लिया। बिलाल ने हॉर्न बजाकर और चिल्लाकर ड्राइवर को सचेत करने की कोशिशों की, लेकिन कार नहीं रुकी।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि सनलाइट कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और जान जोखिम में डालने की आईपीसी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि ड्राइवर ने डर के कारण कार नहीं रोकी।












Click it and Unblock the Notifications