प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, कल से स्कूलों में विंटर वेकेशन
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खतरनाक लेवल को पार कर गया है। इसको कम करने के लिए दिल्ली सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही। जिसके तहत बुधवार को बड़ा फैसला लिया गया। सरकार के मुताबिक 9 नवंबर से दिल्ली के सभी स्कूलों में विंटर वेकेशन शुरू होगा, जो 18 नवंबर तक जारी रहेगा।
दिल्ली शिक्षा विभाग ने एक नोटिस में कहा कि वायु प्रदूषण को देखते हुए सभी स्कूलों की दिसंबर की शीतकालीन छुट्टियों को पुनर्निर्धारित किया गया है, जो अब 9-18 नवंबर तक होगी। इस दौरान सभी स्कूलों को बंद रहने का सख्त आदेश दिया गया है।

दरअसल दिल्ली और उसके आसपास के शहरों में हवा की गुणवत्ता बुधवार सुबह फिर से गंभीर श्रेणी में आ गई। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मंगलवार शाम 4 बजे 395 से बिगड़ते हुए 421 पर पहुंच गया था।
एक रिपोर्ट के मुताबिक स्वास्थ्य समस्याओं को ट्रिगर करने में सक्षम सूक्ष्म कण पीएम2.5 की सांद्रता (Concentration) राजधानी में सरकार द्वारा निर्धारित 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की सुरक्षित सीमा से सात से आठ गुना अधिक हो गई है। वहीं WHO की निर्धारित सीमा 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है।
दिल्ली के आसपास के शहरों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक बताई गई है। पड़ोसी शहर गाजियाबाद में एक्यूआई 382, गुरुग्राम में 370, नोएडा में 348, ग्रेटर नोएडा में 474, और फरीदाबाद में 396 रहा।
सुप्रीम कोर्ट भी सख्त
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सरकार को निर्देश दिया है कि वो तत्काल पराली जलाने को रोके। साथ ही कोर्ट ने इसे लागू करने के लिए मुख्य सचिव और डीजीपी को निर्देश दिया है। साथ ही कहा कि इसे लागू कराने के लिए आप जिम्मेदार होंगे। जस्टिस कौल ने कहा कि वीकेंड में पंजाब जाते वक्त मैंने देखा कि सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में पराली को जलाया जा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications