दिल्ली में स्कूली छात्रों को स्टडी मटेरियल मुहैया कराने के लिए सरकार देगी 64 करोड़ रुपए
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के चलते देशभर में बच्चों की पढ़ाई का खासा नुकसान हुआ है। कई राज्यों में तो स्कूल अभी तक बंद हैं, जिनमें राजधानी दिल्ली भी शामिल है। सरकार किसी भी तरह बच्चों की पढ़ाई के नुकसान की भरपाई करने की दिशा में काम कर रही है। इस बीच सरकार ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के 11 लाख छात्रों के लिए पुस्तक और लेखन सामग्री के नकद अनुदान के लिए 64.37 करोड़ की मंजूरी दी है। मंगलवार को दिल्ली कैबिनेट ने शिक्षा से संबंधित वित्तीय प्रावधानों समेत कई जरूरी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की, जिसमें सरकारी और वित्तीय सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से पाठ्यपुस्तकों और लेखन सामग्री के लिए धनराशि भेजना शामिल है।

हर साल सरकार की तरफ से मुहैया कराया जाता है स्टडी मटेरियल
आपको बता दें कि हर साल दिल्ली सरकार की तरफ से सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों को डीबीटी के माध्यम से स्टडी मैटिरियल मुहैया कराया जाता है। साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को पुस्तकों और लेखन सामग्री के लिए धनराशि दी जाती है। इस वर्ष के लिए दिल्ली सरकार ने सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों के लिए 64.37 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मंजूरी दी है। इसके अलावा दिल्ली सरकार की पाठ्यपुस्तक और सामग्री के निशुल्क वितरण 2020-2021 योजना के तहत 30.05 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आवर्ती राशि का आवंटन भी किया गया है।
कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई का ना हो नुकसान- मनीष सिसोदिया
इस काम को करने के बाद दिल्ली के शिक्षा मंत्री और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा है कि कोरोना महामारी में बच्चों की शिक्षा में आ रही हर कठिनाई को दूर करने का प्रयास दिल्ली सरकार कर रही है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि अब छात्र वित्तीय सहायता के जरिए अध्ययन सामग्री और पाठ्यपुस्तकें खरीद कर अपनी पढ़ाई से जुड़े रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications