Delhi Cinema Hall License: दिल्ली सरकार की नई SOP, e-District पोर्टल के जरिए आसानी से मिलेगी मल्टीप्लेक्स NOC
Single Window System in Delhi: दिल्ली में सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स चलाने वालों के लिए सरकार ने लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया को आसान करने का फैसला किया है। अब थिएटर के लिए अलग-अलग विभागों से बार-बार NOC लेने और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम हो जाएगी। दिल्ली सरकार ने सोमवार को सिनेमा हॉल के लिए NOC जारी करने की नई डिजिटल व्यवस्था का ऐलान किया।
इसके तहत अब पूरी प्रक्रिया एक ही ऑनलाइन सिस्टम के जरिए पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार ने नई SOP लागू की है, जिसके तहत e-District पोर्टल पर एक ही आवेदन करना होगा। इसके बाद संबंधित विभाग मिलकर निरीक्षण करेंगे और एक साझा रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे प्रक्रिया तेज, आसान और ज्यादा पारदर्शी होगी, जबकि सुरक्षा नियमों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

अब कई NOC के बजाय सिंगल विंडो सिस्टम
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली के सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स के लिए NOC लेने की पुरानी प्रक्रिया को बदला गया है। अब सिंगल विंडो और पूरी तरह ऑनलाइन लाइसेंसिंग सिस्टम के जरिए आवेदन किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि नई SOP के तहत e-District पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे आवेदन जमा करने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में जाने की जरूरत नहीं होगी।
e-District पोर्टल से होगा आवेदन
दिल्ली में e-District पोर्टल की शुरुआत 2015 में सरकारी सेवाओं को लोगों तक ऑनलाइन पहुंचाने के लिए की गई थी। अब इसी पोर्टल के जरिए मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल के NOC से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। आवेदक ऑनलाइन अपने आवेदन की स्थिति देख सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल सर्टिफिकेट भी डाउनलोड किया जा सकेगा।
पहले क्या था नियम?
नई व्यवस्था से पहले थिएटर संचालकों को अलग-अलग विभागों से क्रमवार NOC लेनी पड़ती थी। इसमें पुलिस, फायर विभाग, नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड, बिजली कंपनियां और स्वास्थ्य विभाग जैसे विभाग शामिल थे। हर विभाग का अपना आवेदन, फीस, निरीक्षण और समय तय था। ऐसे में थिएटर ऑपरेटरों को कई बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
महीनों तक चलता था पूरा प्रोसेस
पुरानी व्यवस्था में अलग-अलग विभागों के निरीक्षण एक-दूसरे से जुड़े नहीं होते थे। किसी विभाग की जांच पूरी होने के बाद दूसरे विभाग की प्रक्रिया शुरू होती थी। कई बार किसी विभाग की ओर से बाद में कोई नई कमी बताई जाती थी तो संचालक को दोबारा आवेदन या निरीक्षण की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। इस वजह से पूरी मंजूरी मिलने में महीनों का समय लग सकता था। इस देरी का असर नए मल्टीप्लेक्स या नए स्क्रीन शुरू करने की योजनाओं पर भी पड़ता था।
अब एक निरीक्षण और एक रिपोर्ट
नई SOP में अलग-अलग विभागों की प्रक्रियाओं को एक साथ जोड़ा गया है। अब एक coordinated inspection और एक integrated report के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। इससे अलग-अलग NOC के लिए अलग आवेदन करने और हर विभाग के पीछे जाने की जरूरत नहीं होगी। नए सिनेमा हॉल शुरू करने के साथ मौजूदा लाइसेंस के रिन्यूअल के लिए भी एक ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
सुरक्षा नियमों से समझौता नहीं
दिल्ली सरकार का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था का मकसद सिर्फ प्रक्रिया को तेज करना नहीं है। लाइसेंसिंग सिस्टम को ज्यादा आसान, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रक्रिया को सरल बनाने के बावजूद पब्लिक सेफ्टी के नियमों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मल्टीप्लेक्स ऑपरेटरों को होगा फायदा
नई व्यवस्था से दिल्ली में नए स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स खोलने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। एक ही पोर्टल से आवेदन, स्टेटस ट्रैकिंग और डिजिटल सर्टिफिकेट मिलने से थिएटर संचालकों का समय और मेहनत दोनों बच सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
