दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर, यमुना का जलस्तर घटने के साथ ओखला और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट हुआ शुरू
Delhi Floods News: यमुना ने पिछले पांच दिनों से देश की राजधानी दिल्ली में विकराल रूप धारण किया था और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई थी। लेकिन, अब दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई। जी हां...यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है।
यमुना का जलस्तर कम होने से कई इलाकों में बाढ़ का पानी भी कम होने लगा है। बाढ़ का पानी कम होने पर यातायात प्रतिबंधों में ढील दे गई है। बाढ़ का उतरने पर ओखला और चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट भी शुरू हो गए है। इस बात की जानकारी खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दी है।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ट्वीट करते हुए बताया कि चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट भी शुरू हो गया है। इससे पहले सीएम केजरीवाल ने कहा था कि यमुना में पानी का स्तर धीरे धीरे कम हो रहा है। अगर फिर से तेज बारिश नहीं हुई तो जल्द स्थिति नार्मल हो जाएगी। चन्द्रावल और वज़ीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से पानी निकालना चालू कर दिया।
इसके बाद मशीनें सुखायेंगे। दोनों प्लांट्स कल तक ही चालू हो पायेंगे। इस दौरान दिल्ली सीएम लोगों से अपील करते हुए कहा था कि कृपया सावधानी बरतें और एक दूसरे की मदद करें। आपको बता दें कि बाढ़ का पानी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के अंदर जाने से तीन प्लांटों को बंद करना पड़ा था, जो अब धीरे-धीरे चालू हो गए है।
Recommended Video
तो वहीं, यमुना का जलस्तर में भी कमी आई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह 08 बजे यमुना का जलस्तर 206.02 मीटर दर्ज किया गया है। ओल्ड रेलवे ब्रिज पर सुबह 09 बजे यमुना का जल स्तर 205.98 मीटर दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।
कश्मीरी गेट आईएसबी से सीलमपुर इलाके में जलभराव के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। लेकिन, यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने से मजनू का टीला से कश्मीरी गेट तक सड़क की स्थिति में सुधार हो रहा है। इस बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी का बयान भी सामने आया है।
PWD मंत्री आतिशी ने कहा कि ये बिल्कुल साफ है कि हथिनीकुंड बैराज से पानी 3 जगहों, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में जाता है। दिल्ली में पानी का स्तर खतरे के निशान से ऊपर जा रहा था, उसके बावजूद हथिनीकुंड बैराज से एक बूंद पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश में नहीं छोड़ा गया।
उन्होंने पूछा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पानी क्या नहीं छोड़ा गया? क्या इसलिए कि वहां पर भाजपा की सरकार है और दिल्ली में AAP की सरकार है। ये तो ऐसा लगता है कि भाजपा दिल्लीवालों के खिलाफ साजिश कर रही है। अगर 3 जगह पानी छोड़ने के इंतजाम है, तो सिर्फ दिल्ली में पानी क्यों छोड़ा गया?
इस बात पर भाजपा वालों को जवाब देना पड़ेगा। क्या दिल्ली में जो बाढ़ आई उसे रोका जा सकता था? तो वहीं, दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है।












Click it and Unblock the Notifications