Delhi Floods: दिल्ली में यमुना का पानी और ऊपर से झमाझम बारिश, लोगों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
Delhi Traffic Police Advisory: एक तरफ दिल्ली के कई इलाके यमुना के जलस्तर बढ़ने के बाद जल भराव की समस्या से जूझ रहे हैं तो दूसरी तरफ शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने दिल्लीवासियों की टेंशन और बढ़ा दी है। इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों से भारी बारिश के कारण सड़कों पर भरे पानी से बचने की सलाह दी है।
शनिवार (15 जुलाई) को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिली। जिससे लोगों को राजधानी में जलभराव और ट्रैफिक जाम की परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में शाम 5.30 से रात 8.30 तक 3 घंटों के दौरान लगभग 11 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
शनिवार देर रात जारी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार कुछ सड़कों पर जलभराव और पेड़ों के उखड़ने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों को खान मार्केट, तीन मूर्ति गोल चक्कर, जीजीआर-पीडीआर, ए-प्वाइंट से डब्ल्यू-प्वाइंट, कमला एक्सप्रेस बिल्डिंग, एंड्रयूज गंज, खानपुर टी-प्वाइंट, भैरों मार्ग पर अंडर रेलवे ब्रिज जैसे रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। क्योंकि इन इलाकों में सड़कों पर पानी भरा हुआ है।
लोगों को आ रही परेशानी
इन क्षेत्रों में शनिवार को भी ताजा बारिश के बाद गंभीर जलजमाव के हालात देखे गए है। जिसके चलते इन रूट से गुजरने वाले लोगों ने असुविधा का सामना करने की शिकायत की। बताया जा रहा है कि तुगलक रोड जैसी जगहों पर बारिश के दौरान पेड़ भी उखड़ गए, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई।
4-5 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
बता दें कि शनिवार दोपहर एक बजे यमुना नदी का जलस्तर 207.27 मीटर दर्ज किया गया। जबकि शनिवार दोपहर 12 बजे यह 207.38 मीटर था। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को भविष्यवाणी की कि दिल्ली में अगले 4-5 दिनों के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications