Delhi Flood Alert: भारी बारिश के बाद खतरे के निशान के करीब पहुंचा यमुना का जलस्तर, बाढ़ का अलर्ट जारी
Delhi Yamuna River News: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद यमुना नदी में भी जलस्तर बढ़ने लगा है। बारिश के चलते यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। जिससे नदी के निचले हिस्से में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।
दिल्ली में रविवार रात 9 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर 203.62 मीटर दर्ज किया गया है। जलस्तर खतरे के निशान 204.50 मीटर है। वहीं यमुना के बढ़ते जलस्तर के बाद दिल्ली सरकार ने बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया है।

हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी
दरअसल, रविवार को हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ना शुरू हो गया था, जिसके चलते सुबह से ही जलस्तर बढ़ने लगा। शाम 4 बजे हथिनीकुंड बैराज से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली सरकार ने भी बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी।
बाढ़ को लेकर कंट्रोल रूम एक्टिव
इधर, यमुना के निचले स्तर पर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। जिसे लेकर सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को हटने के लिए कहा है। इसी के साथ सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग का कंट्रोल रूम भी एक्टिव हो गया है। जो पिछले दो दिनों से जारी भारी बरसात के मद्देनजर यमुना के जल स्तर पर नजर बनाए हुए है।
आफत बनकर बरस रही बरसात
इधर, रविवार को दिनभर दिल्ली सहित एनसीआर में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिला, जिसके चलते सड़कों पर भारी पानी जमा हो गया। लोगों को रात में ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सुंदर नगर में भारी बारिश के कारण एक दीवार गिर गई। रोहिणी इलाके में भारी बारिश के बाद सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया।












Click it and Unblock the Notifications