Delhi Fire: दिल्ली के टिकरी PVC बाजार में प्लास्टिक के गोदाम में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियां मौजूद
Delhi fire in a plastic godown at PVC market: दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में पीवीसी बाजार में एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई है। दमकल की 25 गाड़ियां मौके पर मौजूद है।

Delhi Fire News: देश की राजधानी दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में पीवीसी बाजार में एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 25 गाड़ियां मौके पर मौजूद है। घंटों पर लगी आग पर फिलहाल अभी तक काबू नहीं पाया गया है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने गोदाम में लगी आग का वीडियो शेयर किया है, जिसको देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी भीषण लगी है।
फिलहाल आग कैसे और क्यों लगी, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। दिल्ली, उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी एस.के. दुआ ने कहा, सूचना मिलते ही 26 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। तेज हवा के कारण आग जल्दी फैल रही थी। इस आग को मध्यम श्रेणी का घोषित किया गया है। अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। स्थिति कंट्रोल में है।
इससे पहले दिल्ली के समालखा कापसहेड़ा क्षेत्र में गुरुवार की रात एक गोदाम में भीषण आग लग गई थी। दमकल विभाग के मुताबिक, घटना सोनिया गांधी कैंप में हुई थी। अधिकारियों ने कहा कि सूचना मिलते ही आग बुझाने के लिए कम से कम 16 दमकल गाड़ियों को भेजा गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायर डिपार्टमेंट के जोनल अधिकारी सतपाल भारद्वाज ने कहा था कि हमें रात करीब 9:38 बजे एक कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक लकड़ी की दुकान में आग लग गई है और यह समालखा कापसहेड़ा इलाके में सोनिया गांधी का कैंप है। आग बुझाने के लिए दमकल की 16 गाड़ियां भेजी गई थी। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
इससे पहले 15 मार्च को दिल्ली के वजीरपुर इलाके में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। खबरों के मुताबिक, आग बुझाने की कोशिश के दौरान एक दमकलकर्मी घायल हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications