'महिला सम्मान योजना' को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय का बड़ा बयान
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार 12 दिसंबर को बड़ा ऐलान किया है। केजरीवाल ने महिलाओं के लिए एक नई योजना 'महिला सम्मान योजना' की घोषणा की है। अब दिल्ली की महिलाओं के खाते में हर महीने 2100 रुपये आएंगे। हालांकि कैबिनेट में प्रस्ताव अभी एक हजार प्रति माह के लिए ही पास हुआ है।
केजरीवाल ने कहा, हर महीने महिलाओं के खाते में 1,000 रुपये डाले जाएंगे। अगर हमारी आम आदमी पार्टी दिल्ली में फिर से चुनाव जीतती है तो इसे दोगुना करके 2100 रुपये कर दिया जाएगा। हालांकि महिलाओं को ये भुगतान चुनाव के बाद ही किया जा सकता है। सीएम केजरीवाल ने कहा, "चुनाव की तारीखों की घोषणा 10-15 दिनों में की जाएगी, इसलिए अभी पैसे ट्रांसफर करना संभव नहीं है।'' केजरीवाल ने कहा, "यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है।"

इस मसले पर दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, इस साल मार्च के महीने में हम लोगों ने बजट पास किया था। सरकार ने फैसला लिया था कि दिल्ली की महिलाओं के खाते में एक-एक हजार रुपये दिए जाएंगे। लेकिन, अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद से इस योजना का लाभ महिलाओं को नहीं मिल पाया था। गोपाल राय ने कहा, आज खुशी की बात है कि कैबिनेट में यह योजना पास हो गई है। आज अरविंद केजरीवाल ने बड़ा फैसला लिया है कि अगले साल चुनाव के बाद यह सम्मान राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दी जाएगी। इस योजना का लाभ चुनाव के बाद महिलाओं को दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications