Delhi Election Results: भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में क्या हुआ? वीरेंद्र सचदेवा ने दी जानकारी
Delhi Election BJP Meeting: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के दूसरे दिन रविवार को पार्टी के शीर्ष नेताओं ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में दिल्ली के लगभग सभी सांसदों ने भी अपने-अपने क्षेत्र के विधायकों के साथ भाग लिया। बैठक में संगठन मंत्री और वरिष्ठ सांसद रामबीर बिधूड़ी और बांसुरी स्वराज सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है। यह 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी है, और आम आदमी पार्टी के शासन का खात्मा हुआ है। अब दिल्ली के अगले सीएम को लेकर भाजपा ने मंथन शुरू कर दिया है।

इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली भाजपा के चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय मंत्री दिल्ली भाजपा की सह प्रभारी डॉ. अल्का गुर्जर, सह प्रभारी अतुल गर्ग, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और संगठन महामंत्री पवन राणा सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। बैठक में सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों के साथ छोटी-छोटी बैठकें की गईं।
भाजपा की इस बैठक में क्या हुआ?
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने इसे एक "चाय पे चर्चा" जैसा आयोजन बताया, जिसमें सभी नए विधायकों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।
बैठक के बाद रामबीर बिधूड़ी ने कहा कि यह एक परिचय बैठक थी। चुनाव में भाजपा द्वारा किए गए वादों को समय पर कैसे पूरा किया जाएगा, और क्षेत्र में विकास कार्यों पर चर्चा की गई। हालांकि, सरकार गठन और मुख्यमंत्री के चेहरे पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने नवनिर्वाचित विधायकों को संगठनात्मक और प्रशासनिक नियमों के तहत कार्य करने के दिशा-निर्देश दिए और कहा कि सभी विधायक अपनी कार्यशैली पूरी तरह से पारदर्शी रखें। नेताओं ने विधायकों का ध्यान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजय संदेश की ओर भी आकर्षित किया और कहा कि हमें बिना समय खोये प्रधानमंत्री के विचारों के अनुरूप, विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए काम करना होगा।
आप के आरोपों पर रामबीर बिधूड़ी का पलटवार
आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा लगाए गए आरोपों पर रामबीर बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती, चुनाव आयोग की टीम और मीडिया के कैमरों के बीच चुनाव हुआ है।
यदि किसी के पास कोई सबूत है तो उन्हें सामने लाना चाहिए और संबंधित एजेंसियों से शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के आरोपों को नकारते हुए कहा कि ये अनर्गल आरोप हैं। कैलाश गहलोत ने भी आप नेताओं के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि तथ्यों पर बात करनी चाहिए, न कि आरोपों पर।
यह भी पढ़ें Manipur News: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने दिया इस्तीफा , हाईअलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां












Click it and Unblock the Notifications