Delhi Election 2025: क्या है BJP का 'झुग्गी विस्तारक अभियान', AAP का वोट बैंक तोड़ने के लिए मेगाप्लान तैयार
Delhi Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के वोट बैंक में सेंध लगाने की पूरी तैयारी में है। भाजपा इस चुनाव में न सिर्फ आप के नैरेटिव को तोड़ने की कोशिश कर रही है बल्कि जमीनी स्तर पर भी अपनी स्थिति मजबूत कर रही है।
इसी क्रम में भाजपा झुग्गी विस्तारक अभियान शुरू करने जा रही है। भाजपा 'झुग्गी विस्तारक अभियान' के तहत दिल्ली के झुग्गी बस्तियों के घर-घर जाकर पार्टी के प्रचार करेंगे और वोट मांगेंगे। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को 'झुग्गी विस्तारक अभियान' में पुरजोर तरीके से हिस्सा लेने का निर्देश दिया है।

अमित शाह 11 जनवरी को झुग्गी-झोपड़ियों के नेताओं से करेंगे मुलाकात
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले झुग्गी-झोपड़ी के मतदाताओं से जुड़ने की पहल के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 11 जनवरी को दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ियों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। अमित शाह शहर भर की करीब 3,000 झुग्गी-झोपड़ियों के प्रमुखों के साथ पहली बातचीत होगी। यह बैठक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगी।
क्या है BJP का 'झुग्गी विस्तारक अभियान'
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने झुग्गी-झोपड़ियों के मतदाताओं से जुड़ने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत भाजपा के सांसद और विधायक समेत कई नेता झुग्गी-झोपड़ियों के निवासियों से सीधे जुड़ने के लिए रात भर झुग्गी-झोपड़ियों में रुक रहे हैं। पार्टी के इस अभियान का नाम है "जहां झुग्गी, वहां मकान।" इसे केंद्र सरकार बढ़ावा दे रही है।
पिछले कुछ महीनों में दिल्ली भाजपा के कई नेता झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश कर रहे हैं। करीब दो दर्जन भाजपा नेता हर हफ्ते एक रात इन झुग्गी-झोपड़ियों में बिता रहे हैं और लोगों से जुड़ने और उनकी चिंताओं के बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा का झुग्गी-बस्तियों पर क्यों है फोकस?
झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले ज्यादातर लोगों को आप का वोट बैंक समझा जाता है...इसलिए बीजेपी झुग्गी-बस्तियों पर फोकस कर रही है। पिछले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के अशोक विहार में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए 1,675 फ्लैट का उद्घाटन किया था। दिल्ली में करीब 675 झुग्गी-झोपड़ियां हैं, जिनमें से 18-20 प्रतिशत पूर्वी और पूर्वोत्तर संसदीय क्षेत्रों में स्थित हैं।
पिछले दो विधानसभा चुनावों में इन इलाकों ने लगातार आम आदमी पार्टी (आप) का समर्थन किया है। हालांकि, भाजपा आगामी चुनावों में इन मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। अपने झुग्गी विकास अभियान के तहत, भाजपा बेहतर आवास और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
2025 के लिए दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होने हैं, जिसकी मतगणना 8 फरवरी को होगी। चुनाव आयोग ने 7 जनवरी को तारीखों की घोषणा की। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications