'पत्र लिखने से कुछ नहीं होगा, आपको काम करना चाहिए था', केजरीवाल की जाट समुदाय मांग पर संदीप दीक्षित का तंज
Arvind Kejriwal and Sandeep Dikshit : आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण का मुद्दा उठाया है। अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी भी लिखी है। अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार (09 जनवरी) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ओबीसी लिस्ट में जाट समाज को रखने की मांग की है।
अरविंद केजरीवाल की जाट समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग पर नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने निशाना साधा है। संदीप दीक्षित ने कहा, ''जाट समुदाय दिल्ली में इतने लंबे समय से रह रहा है, अरविंद केजरीवाल पहले नहीं जागे... संविधान में किसी भी समुदाय को आरक्षण सूची में जोड़ने का प्रावधान है। हर राज्य के लिए एक आयोग है... राजनीतिक पत्र लिखने से कुछ नहीं होगा।''

Sandeep Dikshit: संदीप दीक्षित बोले- केजरीवाल को 10 बाद अचानक एहसास हुआ
संदीप दीक्षित ने कहा,
''अरविंद केजरीवाल को काम करना चाहिए था। 10 साल बाद अचानक आपको एहसास हुआ कि आपको जाट समुदाय से वोट नहीं मिल रहे हैं, इसलिए आप सिर्फ जाति की राजनीति कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि आप तनाव में हैं।''
मोदी और BJP ने दिल्ली में जाट समुदाय के साथ गलत किया है: अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर दिल्ली में जाट समुदाय के लोगों के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जब दिल्ली के छात्र डीयू जैसे केंद्रीय विश्वविद्यालय में दाखिला लेने जाते हैं तो उन्हें ओबीसी श्रेणी के तहत आरक्षण नहीं मिलता है।"
केजरीवाल ने कहा, "दिलचस्प बात यह है कि राजस्थान का जाट समुदाय केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल है और उन्हें दिल्ली के कॉलेजों में आरक्षण मिलता है, लेकिन जाट समुदाय से आने वाले दिल्ली के छात्रों को आरक्षण नहीं मिलता।"
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पीएम मोदी ने पिछले दस सालों में चार बार दिल्ली में जाट समुदाय के नेताओं को बुलाया और उनसे मुलाकात की। उन्होंने उनसे वादा किया था कि जाट समुदाय को आरक्षण में शामिल किया जाएगा, लेकिन अभी तक कुछ नहीं किया गया।"
केजरीवाल ने आगे कहा कि उन्होंने पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है, जिसमें समुदाय को डीयू आरक्षण में शामिल करने का अनुरोध किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications