'मैं भी कोई शीश महल बना सकता था', PM मोदी का केजरीवाल पर बड़ा हमला, AAP के 10 सालों की खोली पोल
Narendra Modi: दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने की संभावना के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 3 जनवरी को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने कहा, ''मैं भी कोई शीशमहल बना सकता था।''
अशोक विहार के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर सीएम रहते हुए अपने लिए आलीशान आवास बनवाने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि वह भी शीश महल बनवा सकते थे लेकिन उनका सपना देशवासियों के लिए घर बनवाने का है।

PM मोदी बोले- 'मैं भी शीश महल बना सकता था, लेकिन देशवासियों को घर मिले, यही मेरा सपना है'
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा,
''देश भलीभांति जानता है कि मोदी ने कभी अपने लिए घर नहीं बनाया, लेकिन बीते 10 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक लोगों का सपना पूरा किया है। मैं भी कोई शीश महल बना सकता था, लेकिन मेरे लिए तो मेरे देशवासियों को पक्का घर मिले, यही सपना था।''
PM मोदी बोले- 10 सालों से दिल्ली एक बड़ी आप-दा से घिरी है
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''बीते 10 वर्षों से दिल्ली एक बड़ी आप-दा से घिरी है। अन्ना हजारे जी को सामने करके कुछ कट्टर बेईमान लोगों ने दिल्ली को आप-दा में धकेल दिया। शराब के ठेकों में घोटाला, बच्चों के स्कूल में घोटाला, गरीबों के इलाज में घोटाला, भर्तियों के नाम पर घोटाला... ये लोग दिल्ली के विकास की बात करते थे, लेकिन ये लोग आप-दा बनकर दिल्ली पर टूट पड़े हैं।''
Narendra Modi: PM मोदी बोले- आप-दा सरकार को दिल्ली वालों से बड़ी दुश्मनी है
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''मैं तो दिल्ली वालों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली 'आयुष्मान भारत' योजना का लाभ देना चाहता हूं। आप-दा सरकार को दिल्ली वालों से बड़ी दुश्मनी है। पूरे देश में आयुष्मान योजना लागू है, लेकिन इस योजना को आप-दा वाले यहां (दिल्ली) लागू नहीं होने दे रहे। इसका नुकसान दिल्ली वालों को उठाना पड़ रहा है।''
PM मोदी ने कहा- 'दिल्ली में AAP आपदा की तरह आई है'
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''दिल्ली में आप आपदा की तरह आई है। ये लोग खुलेआम भ्रष्टाचार करते हैं और उसका जश्न भी मनाते हैं। यह कुछ और नहीं बल्कि 'चोरी, ऊपर से सीनाजोरी' है...दिल्ली में आप यानी 'आपदा' आ गई है। इसलिए दिल्ली की जनता ने इस आपदा के खिलाफ जंग छेड़ दी है। दिल्ली एक सुर में कह रही है, 'आपदा को नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे'...।''












Click it and Unblock the Notifications