दिल्ली सरकार 8 हजार बेड बढ़ा सकती है, लेकिन ऑक्सीजन की कमी है: सिसोदिया
नई दिल्ली, मई 4: देशभर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना की दूसरी लहर देश की राजधानी दिल्ली में बेकाबू हो चुकी है। रोजाना रिकॉर्ड तोड़ कोरोना के नए केस दर्ज हो रहे है। ऐसी स्थिति में दिल्ली के अंदर अस्पतालों में बेड से लेकर दवाओं और ऑक्सीजन का संकट बरकरार है। इलाज के अभाव में मरीजों की सांसें उखड़ रही हैं। ऐसे में कोरोना से उपजे मेडिकल हालातों पर काबू पाने के लिए दिल्ली सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। मंगलवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में तैयार हो रहे दो कोविड अस्पतालों का दौरा कर वहां की स्थितियों का जायजा लिया।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने आज (4 मई) रामलीला मैदान का दौरा कर वहां बन रहे 500 बेड के कोविड अस्पताल का जायजा लिया। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने बताया कि यहां एक 500 बेड वाला अस्पताल कोरोना मरीजों के लिए तैयार किया जा रहा है, जिसमें आईसीयू और मेडिकल की तमाम आधुनिक सुविधाएं मौजूद रहेगी।

साथ ही उन्होंने बताया कि यह अस्पताल एक हफ्ते के अंदर बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं उन्होंने ऑक्सीजन किल्लत पर बताया कि दिल्ली में ऑक्सीजन की काफी कमी है। हमने करीब 8,000 बेड बढ़ा सकते हैं, लेकिन ऑक्सीजन की कमी से नहीं बढ़ा पा रहे हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज कॉम्प्लेक्स में बन रहा कोविड सेंटर
इसके बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज कॉम्प्लेक्स में कोविड केयर सेंटर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यहां एक छोटा ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है, इससे 15 बेड को लगातार ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकती है। अभी यहां 175 मरीज हैं, जैसे ही दिल्ली में ऑक्सीजन की मात्रा और बढ़ जाएगी, हम इसे 500 की क्षमता पर लेकर जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications