दिल्ली प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR, राहुल बोले- देश में अब विरोध भी अवैध
नई दिल्ली, 6 अगस्त: महंगाई, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया था। जिसके तहत दिल्ली में भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला और पीएम हाउस की ओर कूच करने लगे। जिसमें राहुल, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। बाद में दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को लेकर केस दर्ज किया, जिस पर अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
Recommended Video

शनिवार को संसद भवन पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि हमारे देश में अब विरोध करना अवैध हो गया है, हमारी राय व्यक्त करना अवैध है। बीजेपी सरकार जो चाहे कर सकती है। इसके बाद वो मतदान स्थल पर पहुंचे और उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। इससे पहले शुक्रवार को राहुल ने कहा था कि सच्चाई को बैरिकेड नहीं किया जा सकता। कर लें जो करना है, मैं प्रधानमंत्री से नहीं डरता, मैं हमेशा देश हित में काम करता रहूंगा।
दिल्ली पुलिस ने कही ये बात
कांग्रेस पार्टी ने अकबर रोड, विजय चौक और जंतर मंतर सहित नई दिल्ली के विभिन्न स्थलों पर विरोध प्रदर्शन किया। वहां पर धारा 144 लागू की गई थी और उसकी जानकारी भी सभी को दे दी गई थी। ऐसे में ये धारा 144 का उल्लंघन है। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के काम में बाधा डाली और उन्हें चोट पहुंचाया। इस वजह से धारा 186 (लोक सेवक के सार्वजनिक कार्यो के निर्वहन में बाधा डालना), 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा), 332 (लोक सेवक को चोट पहुंचाना), 34 (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
काले कपड़े पहनकर किया था प्रदर्शन
आपको बता दें कि इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता काले कपड़े पहनकर शामिल हुए थे। उनका कहना था कि वो महंगाई, बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे, लेकिन बीजेपी ने शुक्रवार शाम को इसमें नया एंगल जोड़ दिया। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि पीएम मोदी ने इसी दिन दो साल पहले राम मंदिर की आधारशिला रखी थी, ऐसे में कांग्रेस का हिडन एजेंडा उसका विरोध करना था।












Click it and Unblock the Notifications