अब घर-घर से दिन में 2 बार उठेगा कूड़ा! CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया दिल्ली का सबसे बड़ा वेस्ट मैनेजमेंट मिशन
Delhi Waste Management Project: दिल्ली में कूड़ा उठाने की व्यवस्था अब पूरी तरह बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली में डोर-टू-डोर कचरा संग्रह और सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन प्रोजेक्ट की शुरुआत कर दी है। इस योजना के तहत 917 नए कचरा संग्रह वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई।
सरकार का दावा है कि इससे लाखों लोगों को साफ-सफाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कूड़ा उठाने की पूरी व्यवस्था तकनीक की मदद से रियल टाइम में मॉनिटर होगी।

क्या है नया वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट?
दिल्ली सरकार और नगर निगम (MCD) की इस नई पहल का पहला लक्ष्य पश्चिमी दिल्ली के 25 वार्ड हैं। इस परियोजना के जरिए करीब 4.5 लाख घरों से सीधे कूड़ा उठाया जाएगा। पहले चरण में 6 वार्डों में काम शुरू होगा। इसके बाद अगस्त तक बाकी 19 वार्डों को भी इस व्यवस्था से जोड़ दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे लोगों को तय समय पर घर से ही कचरा उठाने की सुविधा मिलेगी और सड़कों पर फैला कूड़ा भी कम होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की और उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को साफ और बेहतर बनाने में सफाई कर्मचारियों की सबसे बड़ी भूमिका है और सरकार उनके काम का सम्मान करती है। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा, दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही और एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
917 नए वाहन क्यों हैं खास?
इस पूरे अभियान के लिए अलग-अलग तरह के कुल 917 वाहन तैयार किए गए हैं, ताकि हर इलाके की जरूरत के हिसाब से काम हो सके।
- 225 ई-रिक्शा, जो तंग गलियों तक पहुंच सकेंगे।
- 550 मिनी टिपर
- 52 कॉम्पैक्टर
- 41 हुक लोडर
- 28 मिनी ट्रक
- 10 डंपर
- 6 बिन वॉशर
- 123 फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) बिन
- 1.1 CBM क्षमता वाले 1300 लीटर के बायोमेडिकल वेस्ट बिन
सरकार का कहना है कि इससे कचरा उठाने की पूरी चेन पहले से ज्यादा तेज और व्यवस्थित होगी।
अब GPS और CCTV से होगी निगरानी
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी डिजिटल मॉनिटरिंग है। हर वाहन की गतिविधि GPS आधारित सेंट्रल कंट्रोल रूम से देखी जाएगी। इसके साथ eSBM ऐप, CCTV निगरानी और एक डेडिकेटेड हेल्पलाइन भी जोड़ी गई है। अगर किसी इलाके में समय पर कूड़ा नहीं उठता है, तो उसकी जानकारी तुरंत सिस्टम में दर्ज होगी और कार्रवाई की जा सकेगी।
पुराने धालाओं की जगह आएंगे आधुनिक स्टेशन
दिल्ली सरकार ने पारंपरिक धालाओं को हटाकर उनकी जगह आधुनिक फिक्स्ड कॉम्पैक्शन ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) लगाने का फैसला किया है। सरकार का दावा है कि इन स्टेशनों से बदबू कम होगी, आसपास सफाई बनी रहेगी और कचरा लंबे समय तक खुले में नहीं पड़ेगा।
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि इस परियोजना से घर-घर समय पर कूड़ा उठेगा। शिकायतों के समाधान की व्यवस्था भी पहले से बेहतर होगी। वहीं पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने बताया,
"अब घरों से कचरा सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि सुबह और शाम, दिन में दो बार उठाया जाएगा। इससे सफाई व्यवस्था और मजबूत होगी।"
उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली के तीन बड़े लैंडफिल साइटों पर जमा पुराने कचरे को हटाने का काम तेजी से चल रहा है। करीब 200 एकड़ में फैले इन लैंडफिल क्षेत्रों में से 70 एकड़ जमीन को अब तक पुराने कचरे से खाली कराया जा चुका है।
दिल्ली की सफाई व्यवस्था में कितना बड़ा बदलाव?
यह परियोजना सिर्फ नए वाहन जोड़ने तक सीमित नहीं है। इसमें तकनीक, बेहतर निगरानी, आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन और दिन में दो बार कचरा उठाने जैसी कई नई व्यवस्थाएं शामिल हैं। अगर योजना तय समय पर लागू होती है, तो पश्चिमी दिल्ली के लाखों लोगों को साफ-सफाई की बेहतर सुविधा मिल सकती है। साथ ही लैंडफिल पर दबाव भी धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications
