Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Delhi Chunav 2025: 'महिला सम्मान योजना' विवाद से AAP की बढ़ेगी मुश्किल या केजरीवाल को मिलेगा फायदा?

Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों की घोषणा से पहले ही 'महिला सम्मान योजना' और 'संजीवनी योजना' को लेकर सियासी और कानूनी विवाद हो रहा है। कानूनी पहलुओं को देखें तो सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके नेता मुश्किलों में घिरते जा रहे हैं। लेकिन, उन्हें इससे राजनीतिक नुकसान होगा या वह इसका भी फायदा उठा लेंगे यह कहना मुश्किल है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बात बहुत ही दिलचस्प नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के खिलाफ बने विपक्षी इंडिया गठबंधन में तो आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की दोस्ती है, लेकिन दिल्ली चुनावों को लेकर हो रही बहसबाजी में दोनों दलों के नेता एक-दूसरे के खिलाफ जमकर सियासी हमले कर रहे हैं। विशेष रूप से आप सरकार के दो लोक-लुभावन योजनाओं में कानूनी पेच फंसता जा रहा है और हो सकता है, इससे दिल्ली में सत्ताधारी दल के नेताओं की परेशानियां बढ़ जाएं।

delhi chunav 2025

Delhi Chunav 2025: 'महिला सम्मान योजना' में आप पर आंच!

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने नई दिल्ली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पार्टी के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित की शिकायतों के आधार पर महिला सम्मान योजना को लेकर मुख्य सचिव को जांच शुरू करने को कहा है। आरोपों के मुताबिक 'महिला सम्मान योजना'के नाम पर हर महीने 2,100 रुपए देने की बात कहकर गैर-सरकारी लोगों की ओर से गलत तरीके से दिल्ली की महिलाओं के निजी-डिटेल जुटाए गए।

Delhi Chunav 2025: तेजी से जांच होने पर 'आप' नेताओं की बढ़ सकती है मुश्किल

इतना ही ने लेफ्टिनेंट गवर्नर ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को सरकारी योजनाओं के नाम पर 'धोखाधड़ी वाले नामांकन'करने के लिए कैंप आयोजित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है। दिल्ली एक केंद्र शासित प्रदेश है और इस वजह से यहां पुलिस की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के पास है और 'फर्जी कैंप' लगवाने के आरोप आप नेताओं पर लग रहे हैं, इस वजह से आने वाले दिनों में यह मामला ज्यादा कठोर रुख अख्तियार कर सकता है, जिससे निश्चित तौर पर आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।

Delhi Chunav 2025: कांग्रेस नेता की शिकायत पर कस सकता है कानूनी शिकंजा

संदीप दीक्षित ने वीके सक्सेना को भेजी अपनी शिकायत में आम आदमी पार्टी पर दो और गंभीर आरोप लगाए हैं। एक तो ये कि पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस उनके आवास तक पहुंच रही है। यही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया है कि पंजाब से करोड़ों रुपए कैश दिल्ली भेजे जा रहे हैं, ताकि दिल्ली चुनावों में उनका इस्तेमाल किया जा सके। लेफ्टिनेंट गवर्नर ने इन मामलों की भी जांच के लिए भी पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया है।

Delhi Chunav 2025: कांग्रेस ने खोला केजरीवाल के खिलाफ मोर्चा

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और कांग्रेस नेता अपने आरोपों के लिए सीधे पार्टी संयोजक केजरीवाल की ओर उंगली उठा रहे हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव का आरोप है कि केजरीवाल को लग रहा है कि वह अपनी सीट हार रहे हैं, इसलिए दीक्षित को डराने के लिए पंजाब के पुलिस वालों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उनके मुताबिक 'यह अत्यंत निंदनीय है कि केजरीवाल को जब यह लग चुका है कि उनकी हार निश्चित है तो वे लोकतांत्रिक शुचिता और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावों को रोकने के लिए इस तरह की घटिया रणनीति अपना रहे हैं।'

Delhi Chunav 2025: कानूनी लड़ाई को सियासी तरीके से लड़ने की कोशिश में आप

कहीं न कहीं आप नेताओं को भी अंदाजा हो चुका है कि खासकर उसकी योजनाओं वाले मामले में कानूनी पहलू जुड़ने से विवाद गंभीर होता जा रहा है। लेकिन, वह इसे राजनीतिक रूप से लड़ना चाह रही है, क्योंकि उसे लगता है कि मौजूदा परिस्थितियों में सियासत ही उसके लिए बचाव का सबसे बेहतर हथियार साबित हो सकती है।

Delhi Chunav 2025: केजरीवाल बता रहे हैं बीजेपी-कांग्रेस में है मिलीभगत

यही वजह है कि आम आदमी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सियासी तौर पर यह लाइन लेने की कोशिश में हैं कि बीजेपी 'विघटनकारी रणनीति और झूठे प्रचार' के माध्यम से कल्याणकारी पहलों का सत्यानाश करने में लगी हुई है। उनके मुताबिक उपराज्यपाल का आदेश 'जनहित वाले शासन' पर 'हमला' है। उनका आरोप है कि इन योजनाओं को मिल रहे अपार समर्थन से घबराकर बीजेपी जांच का आदेश दे रही है।

आप का दावा है कि भाजपा और कांग्रेस मिलीभगत करके केजरीवाल पर हमला रहे हैं। पार्टी की ओर से एक बयान में कहा गया है,'उनके (बीजेपी और कांग्रेस) पास दिल्ली के लिए कोई विजन या योजना नहीं है और पार्टी के खिलाफ उनके सभी आरोप और मामले हमेशा बेकार साबित हुए हैं।'

Delhi Chunav 2025: दिल्ली में कानून की जीत होगी या सियासत की?

जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, वैसे-वैसे पता चलेगा कि आम आदमी पार्टी पर लगे गंभीर आरोपों की जांच में क्या कुछ निकलकर आता है और उसके बाद दिल्ली पुलिस क्या कार्रवाई करती है। दूसरी तरफ यह भी साफ हो जाएगा कि क्या आप अपने ऊपर लगे आरोपों को कम से कम वोटरों के बीच झुठला पाने में सफल हो पा रही है।

क्योंकि, महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना को लेकर जिस तरह से फॉर्म भरने के लिए दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर भीड़ उमड़ने की रिपोर्ट है, उससे लगता है कि सत्ताधारी आप को इसका फायदा मिल सकता है।

हाल में महाराष्ट्र से लेकर झारखंड तक में चुनावी रेवड़ियों ने मौजूदा सरकारों को फायदा पहुंचाने का काम किया है। महाराष्ट्र महायुति सरकार को 'माझी लाडकी बहिण योजना' का लाभ मिला है तो झारखंड में 'मैया सम्मान योजना' ने हेमंत सोरेन सरकार को सत्ता में वापसी करवाने में मदद पहुंचाई है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+