Delhi Chunav 2025: 'फर्जी मुस्लिम मतदाता' और वोटर लिस्ट से नाम गायब होने का सच क्या है? 5 प्वाइंट में समझिए
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची में कथित रूप से फर्जी नाम जोड़ने और कथित रूप से मूल वोटरों का नाम हटवाए जाने के आरोपों और दावों को लेकर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी में घमासान मचा हुआ है। रविवार को आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने असली वोटरों का नाम हटवाने का भाजपा पर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही है।
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि बीजेपी दिल्ली में ऑपरेशन लोटस चला रही है और जो मौजूदा वोटर हैं, उनके नाम भी कटवा रही है। उनका दावा है कि नई दिल्ली सीट पर 12% वोटरों का हेरफेर हुआ है। वहीं बीजेपी जो आरोप लगा रही है, वह तो सिर्फ चुनावों के लिहाज से ही नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर भी गंभीर चिंता का विषय है। देश की राजधानी दिल्ली में क्या कुछ चल रहा है, पांच बिंदुओं पर फोकस करने पर इसके पीछे की बात समझी जा सकती है।

Delhi Chunav 2025: अरविंद केजरीवाल का बीजेपी पर आरोप
दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी बीजेपी पर हजारों सही वोटरों का वोट कटवाने की गंदी साजिश का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि बीजेपी ऐसा करके उनके नागरिक होने का अधिकार छीन रही है।
इस संदर्भ में केजरीवाल ने ईआरओ को चिट्ठी भी लिखी है और दावा किया है कि कुछ ही दिनों में करीब 6 हजार लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कटवा दिए गए हैं। उनका यह भी आरोप है कि बीजेपी बाहर के लोगों को लाकर उनके वोट बनवा रही है।
Delhi Chunav 2025: बीजेपी ने फर्जी मुस्लिम वोटरों के पेश किए सबूत!
दूसरी तरफ बीजेपी ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में दिल्ली के कई ऐसे आम लोगों को पेश किया, जिनके दावों ने न सिर्फ दिल्ली की मतदाता सूची में शामिल 'फर्जी वोटरों' का खुलासा किया है, बल्कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता भी गहरी हुई है।
इस प्रेस कांफ्रेंस में तो एक ऐसा पीड़ित सामने आया ,जिसके घर में सिर्फ 5 सदस्य हैं, लेकिन वहां वोटर लिस्ट में 60 नाम फर्जी तरीके से जोड़ दिए गए हैं, जिन्हें मकान के मालिक जानते तक नहीं। यह कोई एक विधानसभा सीट की बात नहीं है, तुगलकाबाद, कालकाजी जैसी कई सीटों पर ऐसे पीड़ितों के सामने आने का दावा किया गया है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने फर्जी वोटरों का नाम गिनाते हुए कहा, 'ये 60 वोट अरविंद केजरीवाल के रिश्तेदार हैं,...रूबी, आशा खातून,खुशबू निशा, रुखसाना खातून, जहाना खातून, हसीबुर रहमान, अफरोज अंसारी.....आदि।'
Delhi Chunav 2025: कैसे बन गए इतने बड़े पैमाने पर 'फर्जी' वोटर?
जाहिर है कि इतने बड़े पैमाने पर फर्जी वोटरों के नाम मतदाता सूची में यूं ही नहीं जुड़े होंगे। इसके पीछे कोई न कोई नेटर्वक काम करने की पूरी आशंका है। दिल्ली पुलिस ने हाल ही कुछ अभियान चलाए हैं, जिसमें वोटर लिस्ट में शामिल अवैध वोटरों पर से पर्दा हटने की उम्मीद जगी है।
Delhi Chunav 2025: दिल्ली पुलिस की कार्रवाई,अवैध बांग्लादेशियों की शामत आई!
दिल्ली पुलिस ने हाल ही में कुछ रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिससे अवैध बांग्लादेशियों को दिल्ली में सेट करने के धंधे का खुलासा हुआ है। इस मामले में अबतक कई संदिग्ध पकड़े गए हैं, जिसमें बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दक्षिण अंकित चौहान के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोग फर्जी वेबसाइट के जरिए जाली आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अन्य जाली दस्तावेज तैयार कर बांग्लादेशी नागरिकों की मदद करते थे। पुलिस कार्रवाई में इनके पास से अनेकों फर्जी आधार कार्ड, पैन और वोटर आईडी भी जब्त किए गए हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस महीने की शुरुआत में मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर को अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया था। एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस सूत्रों के अनुसार 1,000 अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान भी हो चुकी है।
Delhi Chunav 2025: 18 साल बाद कैसे दिल्ली में वापस आ गया बांग्लादेशी घुसपैठिया
जिस समय दिल्ली में अवैध वोटरों को लेकर राजनीतिक तूफान मचा हुआ है, एक ऐसा मामला सामने आया है, जो तमाम सुरक्षा एजेंसियों के रोल पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने फिरोज मुल्ला नाम के एक घुसपैठिए को पकड़ा है, जिसे 2004 में वापस बांग्लादेश भेज दिया गया था। लेकिन, अब पकड़े जाने पर खुलासा हुआ है कि वह 2022 में ही दिल्ली लौट आया और होटलों और ढाबों में काम करता रहा।












Click it and Unblock the Notifications