Delhi Chunav 2025: दिल्ली में AAP के 10 MLA अब BJP में शामिल होने को तैयार? अमित शाह से मांगा समय
Delhi Chunav 2025: दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी के लगभग 10 सीटिंग विधायकों की ओर से एक चिट्ठी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखी गई है, जिसमें उनसे मुलाकात का समय मांगा गया है। ये तमाम वे विधायक हैं, जिन्हें इस बार आम आदमी पार्टी ने टिकट नहीं दिया है।
वनइंडिया के हाथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखी गई जो चिट्ठी लगी है, वह पालम की मौजूदा आम आदमी पार्टी विधायक भावना गौड़ ने लिखी है। इसमें उन्होंने उनसे मुलाकात के लिए समय मांगा है और बीजेपी में शामिल होने की इच्छा भी जताई है।

Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आप में आफत?
अपनी चिट्ठी में भावना गौड़ ने आप के तीन पूर्व विधायकों का नाम भी लिखा है और यह भी दावा किया है कि पार्टी के 10 से 12 पार्षद भी उनसे संपर्क में हैं, जो बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं। वन इंडिया को जो चिट्ठी हाथ लगी है, वह 6 जनवरी, 2025 की लिखी हुई है।

इस चिट्ठी में शामिल आप के मौजूदा और पूर्व विधायकों के नाम और उनके विधानसभा क्षेत्रों की सूची नीचे दी जा रही है-
1) भावना गौड़- पालम
2) रोहित कुमार महरौतिया-त्रिलोकपुरी (सुरक्षित)
3) मदन लाल- कस्तूरबा नगर
4) राजेश ऋषि- जनकपुरी
5) पवन शर्मा- आदर्श नगर
6) भूपिंदर सिंह जून- बिजवासन
7) प्रकाश जरवाल- देवली (सुरक्षित)
8) धर्मपाल लकड़ा- मुंडका
9) शरद चौहान- नरेला
10) गिरीश सोनी- मादीपुर
11) श्रीदत्त शर्मा- घोंडा (पूर्व एमएलए)
12) विजेंदर गर्ग- राजेंद्र नगर (पूर्व एमएलए)
13) सुखवीर दलाल- मुंडका (पूर्व एमएलए)
Delhi Chunav 2025: बीजेपी आप के कुछ बागी विधायकों को दे सकती है टिकट- भाजपा सूत्र
इनमें से सुखवीर दलाल पहले से ही बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। भाजपा के एक सूत्र ने वनइंडिया को बताया है कि अगर आप के ये नेता पार्टी में शामिल होते हैं,तो इनमें से कुछ को बीजेपी इस बार चुनावों में टिकट भी दे सकती है।
Delhi Chunav 2025: टिकट कटने से नाराज हैं आप के मौजूदा विधायक
आम आदमी पार्टी ने इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपने करीब 20 विधायकों का टिकट काटा है, लेकिन अभी तक किसी ने बगावत का बिगुल नहीं फूंका था। ऐसे में अगर 10 मौजूदा विधायक बीजेपी में जाने को तैयार हैं तो यह पार्टी के लिए चुनाव से बहुत बड़ा झटका साबित हो सकता है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि अमित शाह के दफ्तर की ओर से इस चिट्ठी पर क्या किया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी पहले ही सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। दिल्ली में शुक्रवार को चुनावों की अधिसूचना भी जारी होने वाली है। 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को नतीजे आएंगे।
आप दिल्ली में लगातार चौथी बार सरकार बनाने के लिए चुनाव प्रचार की रेस में अभी अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी बीजेपी से काफी आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस शुरू में त्रिकोणीय मुकाबले की कवायद में लगी दिख रही थी, लेकिन धीरे-धीरे उसके अभियान की रफ्तार धीमी होती महसूस हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications