Delhi Chunav 2025: कांग्रेस के खिलाफ AAP के अल्टीमेटम का क्या हुआ? INDIA bloc में सन्नाटे के 5 'सबूत'!
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में विपक्षी इंडिया ब्लॉक की भारी फजीहत हो रही है। दिलचस्प बात ये है कि फजीहत विरोधी बीजेपी की वजह से नहीं, बल्कि सहयोगी दलों की वजह से ही हो रही है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) सार्वजनिक तौर पर कांग्रेस को गठबंधन से निकलवाने की चुनौती दे चुकी है। लेकिन, कांग्रेस फिर भी अपने सहयोगी दल और उसके सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल का मखौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
जब कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ने की बात कही थी तो लगा था कि इंडिया ब्लॉक यह संदेश देना चाह रहा है कि दिल्ली में बीजेपी को घेरने के लिए गठबंधन 'आप' के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। लेकिन, अभी चुनाव तारीखों का एलान भी नहीं हुआ है और विपक्षी गठबंधन दिल्ली में पूरी तरह से अपने कदम पीछे खींचता हुआ नजर आ रहा है।

Delhi Chunav 2025: पहला) केजरीवाल पर लगातार निशाना साध रही है कांग्रेस और चुप है इंडिया ब्लॉक के अन्य सहयोगी
कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय माकन ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर करीब 10 दिन पहले दो गंभीर आरोप लगाए थे। एक तो उन्हें 'फर्जीवाल' कहा था। और दूसरा उन्हें 'राष्ट्रद्रोही' भी कहा था।
माकन के इस बयान पर आप इतनी भड़की कि मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना और पार्टी सांसद संजय सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस को 24 घंटे में उनके खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दे दिया। नहीं तो कांग्रेस को विपक्षी इंडिया ब्लॉक से बाहर करवाने की चेतावनी दी थी।
अब आप नेता अपनी अल्टीमेटम की चर्चा भी नहीं कर रहे हैं,लेकिन पार्टी और केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस के हमले और भी ज्यादा तेज हो चुके हैं। अजय माकन ने तो शनिवार को यहां तक दावा किया था कि रविवार को वह केजरीवाल के खिलाफ अपने आरोपों के सबूत भी देंगे। लेकिन, बाद में जानकारी मिली कि इसे खास रणनीति के तहत किसी और दिन के लिए टाल दिया गया है।
Delhi Chunav 2025: दूसरा) सपा, टीएमसी कोई 'आप' के बचाव में सामने नहीं आ रही
दिल्ली में चुनाव प्रचार की शुरुआत में ही समाजवादी पार्टी (सपा) सुप्रीमो अखिलेश यादव को पार्टी के मंच पर उतारकर आम आदमी पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की थी कि राजधानी में विपक्षी इंडिया ब्लॉक का प्रतिनिधित्व 'आप' ही कर रही है।
लेकिन, जिस तरह से कांग्रेस आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर हमले करने में लगी है, अबतक न तो अखिलेश यादव या फिर ममता बनर्जी ही उनके बचाव में सामने आए हैं, ना ही कोई और घटक दल की ओर से ही बीच-बचाव की कोशिश होती हुई देखी गई है।
Delhi Chunav 2025: तीसरा) कांग्रेस आलाकमान ने नेताओं को 'आप' पर हमले की दी खुली छूट!
कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया पर हमले की धार तेज करने के लिए पंजाब से अपने सभी दिग्गज नेताओं को दिल्ली में लॉन्च कर दिया है। यह इसलिए अहम है कि पंजाब में भी आप की ही सरकार है और कांग्रेस उसकी कथित करतूतों की पोल खोल रही है।
बीते 10 वर्षों में दिल्ली में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इतने उत्साहित कभी नहीं दिखे थे,जितने अभी दिखाई पड़ रहे हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि पार्टी के अदना से लेकर आला नेताओं और कार्यकर्ताओं को आप और केजरीवाल पर व्यंग बाण छोड़ने और तीखे हमले करने की जैसे कांग्रेस आलाकमान ने ही छूट दे रखी है।
क्योंकि, बिना उसके इशारे पर कांग्रेस में कोई इतनी हिम्मत नहीं कर सकता। इससे विपक्षी गठबंधन में बिखराव की बुनियाद मजबूत होने की आशंका बढ़ गई है।
Delhi Chunav 2025: चौथा) आप के दिग्गज नेताओं के खिलाफ अपने दमदार उम्मीदवारों को उतारा
कांग्रेस पार्टी इस चुनाव को 2013 के बाद इतनी गंभीरता के साथ लड़ रही है। इसका एक प्रमाण आम आदमी पार्टी के सभी दिग्गज नेताओं के मुकाबले अपने दमदार प्रत्याशियों को उतारना है। जैसे नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल को पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे और पार्टी के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित टक्कर दे रहे हैं।
वहीं, कालकाजी में मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कांग्रेस ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा को टिकट देकर उनकी राह मुश्किल कर दी है। जबकि, जंगपुरा में आप के दूसरे बड़े नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ पूर्व मेयर फरहाद सूरी को टिकट दिया गया है।
Delhi Chunav 2025: पांचवां) कांग्रेस के सभी बड़े नेता आप पर करेंगे हल्ला बोल
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की 10 साल पुरानी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस अपने सभी दिग्गज नेताओं को प्रचार अभियान में उतारने की तैयारी में है। इन करीब 33 नेताओं में सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications