Delhi Cabinet Portfolio: दिल्ली में नई सरकार का गठन, रेखा गुप्ता की टीम तैयार, जानें किसे कौन सा विभाग मिला?
Delhi Cabinet Portfolio: दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। 20 फरवरी 2025 को रेखा गुप्ता (Rekha Gupta Cabinet Portfolio)ने दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ छह नए मंत्रियों ने भी पद ग्रहण किया, जिनमें विभिन्न जातियों और समुदायों का संतुलन देखा गया। शपथ ग्रहण के चार घंटे बाद ही विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गृह, वित्त, सेवा, सतर्कता और योजना जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं।
जनसत्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराने वाले प्रवेश वर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे मनीष सिसोदिया वाला भाग प्रवेश वर्मा को सौंपा गया है। आइए विस्तार से जानते हैं किसके पास गया कौन सा विभाग?

रेखा गुप्ता: दिल्ली सीएम

- विभाग: गृह, वित्त, सर्विलेंस और प्लानिंग
- संपत्ति: ₹5.31 करोड़ (5 करोड़+)
- देनदारियां: ₹1.20 करोड़ (1 करोड़+)
- शिक्षा: बीकॉम (वाणिज्य स्नातक), एलएलबी, एमबीए
- क्रिमिनल केस: 0
शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी किसे मिली?

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराने वाले प्रवेश वर्मा को शिक्षा, लोक निर्माण विभाग (PWD) और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह वही शिक्षा विभाग है, जो पहले मनीष सिसोदिया के पास था। अब यह महत्वपूर्ण विभाग प्रवेश वर्मा संभालेंगे। आपको बता दें कि प्रवेश वर्मा, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं और भाजपा के एक बड़े जाट नेता माने जाते हैं। वे दो बार सांसद रह चुके हैं और इस बार उन्होंने अरविंद केजरीवाल को हराकर बड़ा उलटफेर किया है।
अन्य मंत्रियों के विभाग
मनजिंदर सिंह सिरसा: सिख राजनीति का बड़ा चेहरा

- विभाग: स्वास्थ्य, शहरी विकास और उद्योग
- प्रोफाइल: मनजिंदर सिंह सिरसा तीसरी बार विधायक बने हैं। वे 2021 में अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले, वे 2013 और 2017 में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर 2007 में नगर निगम चुनाव जीतने के साथ शुरू हुआ था।
रविंद्र इंद्राज सिंह: भाजपा के दलित नेता

- विभाग: समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/जनजाति मामले और श्रम
- प्रोफाइल: रविंद्र इंद्राज सिंह दिल्ली में भाजपा के दलित चेहरे के रूप में उभरकर आए हैं। उन्होंने बवाना विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के जय भगवान उपकार को हराया। वे भाजपा के एससी मोर्चा के कार्यकारी सदस्य भी हैं और नरेला के पूर्व विधायक इंद्राज सिंह के बेटे हैं।
कपिल मिश्रा: AAP से भाजपा तक का सफर

- विभाग: जल, पर्यटन और संस्कृति
- प्रोफाइल: कपिल मिश्रा ने करावल नगर सीट से आम आदमी पार्टी के मनोज कुमार त्यागी को हराया। वे पहले आम आदमी पार्टी में थे और अरविंद केजरीवाल की दूसरी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। 2019 में उन्होंने AAP छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली। वे पूर्वी दिल्ली की पूर्व मेयर अन्नपूर्णा मिश्रा के बेटे हैं।
आशीष सूद: पहली बार बने विधायक, गोवा और जम्मू-कश्मीर भाजपा में निभाई अहम भूमिका

- विभाग: आशीष सूद: राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
- प्रोफाइल : आशीष सूद ने जनकपुरी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार को हराया। वे भाजपा की गोवा इकाई के प्रभारी और जम्मू-कश्मीर इकाई के सह-प्रभारी भी रह चुके हैं। इसके अलावा, वे भाजपा युवा विंग के महासचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं।
पंकज कुमार सिंह: दंत चिकित्सक से विधायक तक का सफर

- विभाग: कानून, विधायी कार्य और आवास
- प्रोफाइल: पेशे से डेंटिस्ट पंकज कुमार सिंह ने विकासपुरी से पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के महिंदर यादव को हराया। वे समाज सेवा में भी सक्रिय रहे हैं और पूर्व अतिरिक्त MCD आयुक्त राज मोहन सिंह के बेटे हैं।
इस प्रकार, नई सरकार ने विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए विभागों का संतुलित बंटवारा किया है।












Click it and Unblock the Notifications