Delhi Building: दिल्ली में 11 की जान लेने वाली 4 मंजिला इमारत कैसे गिरी? वजह आई सामने, देखें मृतकों की सूची
Delhi Building Collapse Reason: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
मीडिया की खबरों के अनुसार डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। इलाके की संकरी गलियों के चलते भारी मशीनों का उपयोग सीमित किया गया है।

तेज बारिश और आंधी बनी हादसे की वजह?
हादसे के वक्त दिल्ली में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश व आंधी आई, जिससे कई इलाकों में नुकसान हुआ। माना जा रहा है कि इसी तूफानी मौसम की वजह से इमारत की पहले से कमजोर नींव और दीवारें ढह गईं।
स्थानीय लोगों ने जताई लापरवाही की आशंका
इलाके के लोगों का कहना है कि इमारत की नींव के पास एक नई दुकान में निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे बुनियादी ढांचा और कमजोर हो गया था। स्थानीय निवासी सलीम अली ने बताया, "सीवरेज का पानी सालों से इमारत की दीवारों में रिस रहा था, जिससे समय के साथ दीवारों में दरारें आ गई थीं।"

शवों की पहचान हुई, पीड़ित परिवार सदमे में
अब तक मलबे से निकाले गए 14 घायलों में से 11 की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं:
- चांदनी (23)
- दानिश (23)
- नावेद (17)
- रेशमा (38)
- अनस (6)
- नजीम (30)
- तहसीन (60)
- शाहिना (28)
- अफरीन (4)
- अफान (2)
- इस्हाक (75)

कई परिवार उजड़ गए
घटना में दानिश और नावेद, जो घर का खर्च चलाते थे, की मौत हो गई। उनके चाचा सेहजाद अहमद ने बताया कि उनकी बहन और बहनोई गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं सोनू अब्बास की बहन, जो चौथी मंज़िल पर रहती थीं, अपने पति और बच्चों को बचाकर खुद जान गंवा बैठीं।
चार लोग अब भी अस्पताल में भर्ती
अभी भी चार घायलों का इलाज जीटीबी अस्पताल में चल रहा है:
- शाहिद (45)
- रेहाना (38)
- अहमद (45)
- तनु (15)
यह भी पढ़ें- Delhi: मुस्तफाबाद में ढही चार मंजिला इमारत, 4 की मौत, 10 लोगों के फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी












Click it and Unblock the Notifications