Delhi Bomb Threat: तहव्वुर राणा की भारत वापसी के बीच, लाल किला को बम से उड़ाने की मिली धमकी
Delhi Bomb Threat: तहव्वुर राणा की भारत वापसी के बीच लाल किला और जामा मस्जिद को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। तहव्वुर राणा, 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में शामिल होने के आरोपी हैं, और फिलहाल अमेरिका में बंद हैं।
गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के दो प्रमुख स्थलों लाल किला और जामा मस्जिद में बम की धमकी मिली। दिल्ली पुलिस के अनुसार, बम डिटेक्शन टीम (बीडीटी) और सीआईएसएफ ने दोनों जगहों पर गहन जांच की।

जैसे ही दिल्ली पुलिस को लाल किला और जामा मस्जिद में बम रखे जाने की सूचना मिली, तुरंत बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम (BDT) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को अलर्ट पर रखा गया। इन दोनों संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बलों ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
Delhi Bomb Threat: फायर ब्रिगेड और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रत्येक कोने की गहन जांच की गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर सतर्कता से पूरे इलाके की तलाशी ली। तलाशी अभियान करीब दो घंटे तक चला और उसके बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि कॉल झूठी थी और किसी प्रकार का खतरा नहीं है। दिल्ली पुलिस ने इस कॉल को "हॉक्स" - यानी अफवाह करार दिया।
Delhi Bomb Threat: हाई अलर्ट पर दिल्ली
राणा की प्रत्यर्पण को देखते हुए राष्ट्रिय राजधानी हाई अलर्ट पर है और यहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अमेरिका द्वारा प्रत्यर्पित किए गए तहव्वुर राणा को बुलेटप्रूफ वाहन में पालम हवाई अड्डे से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) मुख्यालय ले जाया जाएगा। हवाई अड्डे पर SWAT (स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिक्स) कमांडो तैनात कर दिए गए हैं, तथा दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इस हाई प्रोफाइल प्रत्यर्पण को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है, और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया है। अदालत परिसर में आने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है।
इसके साथ ही तिहाड़ जेल भी पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद है। जेल प्रशास ने भी उसकी हाई-सेक्योरिटी वॉर्ड में रखने की पूरी तैयारी कर ली है जैसे ही अदालत से आदेश मिलेगा राणा को वहां भेज दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications