अब दिल्ली में Dal Lake वाला एहसास! Baansera Park में कश्मीर स्टाइल हाउसबोट, DDA का ₹4 करोड़ का प्लान तैयार
Delhi Baansera Park Houseboat: दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजधानी में घूमने और सुकून के नए ठिकानों की तलाश कर रहे लोगों को जल्द ही कश्मीर के डल लेक जैसा अनुभव मिलने वाला है। दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी DDA यमुना किनारे बने बांसरेरा पार्क में कश्मीर स्टाइल का हाउसबोट तैयार कराने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर करीब ₹4 करोड़ खर्च किए जाएंगे और इसे तेजी से पूरा करने की तैयारी चल रही है।
बांसरेरा पार्क में बनेगा खास हाउसबोट
DDA अधिकारियों के मुताबिक बांसरेरा पार्क में बनने वाला यह हाउसबोट पारंपरिक कश्मीरी हाउसबोट की तर्ज पर डिजाइन किया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 60 फीट होगी और इसे जमीन से स्थायी रूप से जोड़ा जाएगा। यह कोई अस्थायी ढांचा नहीं होगा बल्कि करीब 50 साल तक चलने वाली मजबूत संरचना बनाई जाएगी। यह हाउसबोट पार्क के ईटरी एरिया के पास लगाया जाएगा ताकि लोग आसानी से यहां तक पहुंच सकें।

अंदर से बेहद खास होगा हाउसबोट
इस हाउसबोट में सिर्फ देखने भर की चीजें नहीं होंगी बल्कि इसमें कई तरह की सुविधाएं भी मिलेंगी। इसमें मल्टी पर्पज हॉल, लॉबी, पैंट्री, स्टोर रूम, खाने की जगह, आगे और पीछे डेक एरिया और टॉयलेट की सुविधा होगी।
बीच वाले हिस्से में एक ग्लास से घिरा मीटिंग हॉल बनाया जाएगा जिसमें करीब 15 लोग बैठ सकेंगे। यह हॉल कॉरपोरेट मीटिंग, छोटे कार्यक्रम और इवेंट्स के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके साथ एक बालकनी और स्टोर भी होगा। हाउसबोट में दोनों तरफ से सीढ़ियों के जरिए एंट्री दी जाएगी।
लकड़ी और नक्काशी में दिखेगी कश्मीर की झलक
इस हाउसबोट की सबसे बड़ी खासियत इसकी बनावट और डिजाइन होगी। टेंडर डॉक्यूमेंट के मुताबिक बेस में देवदार की लकड़ी, सुपर स्ट्रक्चर में सीडर वुड और बारीक नक्काशी के लिए अखरोट की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाएगा।
छत और अंदर की दीवारों पर चिनार की लकड़ी लगाई जाएगी। रेलिंग, कॉलम, मेहराब और बाहरी दीवारों पर फारसी स्टाइल की नक्काशी की जाएगी जिसे अनुभवी कारीगर तैयार करेंगे। खिड़कियों में कश्मीरी स्टाइल की नक्काशीदार सैश डिजाइन और कांच लगे होंगे।
मजबूती और सुरक्षा पर भी खास ध्यान
हाउसबोट की नींव कंक्रीट की होगी ताकि संरचना पूरी तरह सुरक्षित रहे। लकड़ी को पहले अच्छी तरह सीजन किया जाएगा ताकि समय के साथ वह मुड़े नहीं। जोड़ों को नेचुरल रेजिन और ऑल वेदर सीलेंट से सील किया जाएगा। आग से सुरक्षा के लिए लकड़ी पर दो लेयर फायर रिटार्डेंट पेंट किया जाएगा। छत पर इको फ्रेंडली कैल्शियम सिलिकेट फॉल्स सीलिंग लगेगी। फर्श पर इंजीनियर्ड वुड और दीवारों पर फायर रेसिस्टेंट बोर्ड और वुडन पैनल लगाए जाएंगे।
छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य
DDA ने इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिस एजेंसी को काम मिलेगा उसे छह महीने के भीतर निर्माण पूरा करना होगा। टेंडर मिलने के 30 दिन के अंदर फाइनल स्ट्रक्चरल ड्रॉइंग जमा करनी होगी। इस प्रोजेक्ट को यमुना फ्लडप्लेन के उस हिस्से के कायाकल्प से जोड़ा गया है जो निजामुद्दीन ब्रिज से डीएनडी फ्लाईवे तक फैला है।
बांसरेरा पार्क बन रहा है दिल्ली का नया हॉटस्पॉट
पिछले कुछ सालों में बांसरेरा पार्क तेजी से दिल्ली का नया टूरिस्ट और रिक्रिएशन हब बनता जा रहा है। नवंबर 2024 में यहां कैफे बैंबू ओएसिस खोला गया था। 1 दिसंबर 2025 को यहां टेथर्ड हॉट एयर बैलून भी शुरू किया गया। इसके अलावा पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पलाश फेस्टिवल जैसे इवेंट्स होते रहते हैं। अब कश्मीर स्टाइल हाउसबोट के जुड़ने से बांसरेरा पार्क दिल्ली वालों के लिए घूमने की लिस्ट में और ऊपर आ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications