Delhi AQI: दिल्ली का एक्यूआई 508 पहुंचा, दमघोंटू हवा में लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल
Delhi AQI: दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR Weather) का मौसम एक बार फिर यहां रहनेवालों को रुला रहा है. प्रचंड गर्मी के साथ गुरुवार को हवा भी जहरीली हो गई है, जिससे लोगों के लिए घर से निकलना दूभर हो गया है. दिल्ली के आसमान में धुंध की मोटी चादर (Delhi AQI) देखने को मिली और लोगों को विजिबिलिटी की समस्या से भी जूझना पड़ा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों को मौसम की मार पड़ने वाली है. गर्मी और खराब वायु गुणवत्ता की वजह से आम लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं. दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक्यूआई 508 दर्ज किया गया है. नोएडा और गाजियाबाद की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है.

दिल्ली में धुंध की वजह धूल भरी हवा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस अचानक खराब स्थिति का कारण बताया है. आईएमडी की ओर से दी जानकारी के मुताबिक, IGI एयरपोर्ट पर पालम क्षेत्र में रात 10 बजे से 11:30 बजे के बीच 35 से 40 किमी. की रफ्तार से धूल भरी हवा चली थी. इसके बाद हवा की रफ्तार कम हो गई और इस वजह से हवा में धूल अब भी मौजूद है. धूल की वजह से बनी धुंध के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई है और यह 1200-1500 मीटर के बीच बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: Weather Forecast: लू का कहर जारी, इन राज्यों में गर्मी से राहत की अभी नहीं है उम्मीद! देखें IMD के ताजा अपडेट
Delhi Aqi: इन इलाकों की हवा रही बेहद खराब
दिल्ली के कुछ इलाकों की हवा बेहद खराब की श्रेणी में दर्ज की गई है. मथुरा रोड का एक्यूआई 253 दर्ज किया गया है, जो गंभीर की श्रेणी में आता है. सिरी फोर्ट का एक्यूआई भी 295 दर्ज किया गया है और यह भी गंभीर की श्रेणी में आता है. वजीरपुर का एक्यूआई 411, आरके पुरम का 496 दर्ज किया गया है. गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर की धुंध देख लोग हैरान रह गए, क्योंकि आम तौर पर सर्दी के मौसम में ऐसा नजारा रहता है.
गर्मी से भी लोग होंगे परेशान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे. हालांकि, बारिश होने की उम्मीद नहीं है और लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिल सकेगी. बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा 40.4 डिग्री दर्ज किया गया है. न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा 23.3 डिग्री दर्ज किया गया है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहेगा. बीच-बीच में हवा की रफ्तार तेज रह सकती है और 25 किमी. प्रति घंटे से लेकर 35 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
यह भी पढ़ें: Delhi Today: बिजली बिल में PPAC बढ़ाने को लेकर दिल्ली में घमासान, कांग्रेस ने बीजेपी के साथ-साथ AAP को भी घेरा












Click it and Unblock the Notifications