Delhi Airport टर्मिनल-1 के पास हादसा, 2 मजदूरों की मौत, 6 घायल
दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) के पास बड़ा हादसा सामने आया है। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पास निर्माणाधीन साइट पर हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 6 मजदूर घायल हैं। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि हादसा किस वजह से हुआ है।

जिन लोगों की मौत हुई है उनकी पहचान विकास (30), मनोज (19) के तौर पर हुई है। जबकि घायलों को सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। आईजीआई एयरपोर्ट डीसीपी तनु शर्मा ने बताया कि हमे रात 10.15 बजे अस्पताल से इसकी जानकारी मिली थी। टर्मिनल 1 पर ऊंचाई से गिरने की वजह से यह हादसा हुआ है। विकास की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई थी, जबकि मनोज की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बता दें कि टर्मिनल 1 पर जो काम चल रहा है उसे मिंटू यादव नाम के ठेकेदार करा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मिंटू के बड़े भाई रामशरन उस वक्त साइट पर मौजूद थे, जब यह हादसा हुआ। यहां जो काम चल रहा है वह उसके सुपरवाइजर हैं। डीसीपी ने बताया कि हमने आईपीसी की धारा 337, 304 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। हम ठेकेदार और अन्य लोगों के खिलाफ जांच कर रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को नया रूप दिया गया है। इस टर्मिनल का विस्तार किया जा रहा है और इसके फेज-3ए का काम तेजी से चल रहा है। इसकी वजह से पिछले दिनों ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया था। 26 सितंबर की रात से यहां के ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया था। टर्मिनल-1 की ओर आ रहे किसी भी गाड़ी को डिपार्टचर से यू टर्न करना होगा और मेहराम नगर रोड से एयरपोर्ट के बाहर जाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications