दिल्ली सरकार ने लोगों से की मास्क पहनने की अपील, कहा- आने वाले दिनों में और बढ़ेंगे कोरोना के मामले
दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कल यानी रविवार को कोरोना के 699 नए मामले सामने आए थे।

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली में एक ही दिन में कोरोना वायरस के 699 केस सामने आने के बाद इस संक्रमण को लेकर हड़कंप मच गया है। रविवार को 4 लोगों की मौत की भी खबर आई थी।
जिसके बाद अब दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज की ओऱ प्रतिक्रिया आई है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि चार में से एक मरीज की ही मौत का प्राथमिक कारण कोरोना है। इस माह अब तक कोरोना से 12 मरीजों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रविवार को जो चार मौतें हुई हैं, इनमें से तीन की मौत की वजह अन्य बीमारियां है जबकि एक शख्स की मौत कोविड की वजह से हुई है। जिन 3 लोगों को मौत अन्य बीमारियों के चलते हुई हैं उनका कोविड पॉजिटिव होना एक्सीडेंटल है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, मेरा मानना है कि अब कुछ दिनों तक कोरोना के केस बढ़ेंगे। यहां आबादी काफी ज्यादा है। यहां केस बढ़ेंगे। लोगों को फ्लू और इन्फ्लूएंजा की तरह लक्षण आएंगे। लोगों को बुखार आएगा, सर्दी, खांसी जुकाम होगा पर वो ठीक हो जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार 26 मार्च को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एक मोकड्रिल कर चुकी है। दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे लक्षण आने पर सार्वजनिक जगहों पर ना जाए। अगर जाना जरूरी है तो बिना मास्क के ना जाएं, वरना यह अन्य लोगों में भी फैलेगा।
देश में संक्रमण दर 6 फीसदी से कम है, जबकि दिल्ली में यह 23 फीसदी तक पहुंच गई है। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया सोमवार को दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री मॉकड्रिल के दौरान अस्पताल की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications