उपराष्ट्रपति धनखड़ की मिमिक्री पड़ी कल्याण बनर्जी को भारी, थाने में दर्ज हुई शिकायत
संसद से 141 सांसदों के निलंबन के बीच सदन के बाहर राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की नकल उतारना तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कल्याण बनर्जी को भारी पड़ सकता है। कल्याण बनर्जी के खिलाफ दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एक वकील ने शिकायत दर्ज कराई है।
टीएमसी सांसद ने मंगलवार को सदन के बाहर धनखड़ की मिमिक्री की थी। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहां मौजूद थे। उन्होंने ऐसा संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान किया था।

आपको बता दें, यह मामला दक्षिण जिला पुलिस के अंतर्गत नहीं आता है, इसलिए शिकायत को डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन से नई दिल्ली जिला पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया है।
कल्याण बनर्जी को लेकर सदन में तीखी प्रतिक्रिया
जगदीप धनखड़ की नकल कर उनका मजाक उड़ाने की इस घटना पर राज्य सभा में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस घटना को सदन में उठाया। इसकी निंदा करते हुए उन्होंने विपक्ष से माफी मांगने को कहा। वहीं, सभापति धनखड़ सभापति इस घटना से आहत दिखे। इस घटना पर सदन में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा,"किसान और जाट पृष्ठभूमि को लेकर मुझे निशाना बनाया जा रहा है। मेरा अपमान किया जा रहा है।"
"यह किसान और एक समुदाय का अपमान"
उन्होंने सदन में मौजूद कांग्रेस नेता और राज्य सभा सांसद पी. चिदंबरम से कहा,"सोचिये! मेरे दिल पर क्या गुजर रही होगी, जब आपके एक वरिष्ठ नेता उपराष्ट्रपति का मजाक उड़ाने की वीडियोग्राफी कर रहे थे। जबकि, मुझ पर व्यक्तिगत हमला किया जा रहा था।" धनखड़ ने कहा कि यह एक किसान और एक समुदाय का अपमान मात्र नहीं है। यह राज्य सभा के सभापति के पद का निरादर है। वह भी एक ऐसी राजनीतिक पार्टी के सदस्य द्वारा, जिसने इतने लंबे समय तक शासन किया हो।
राहुल गांधी बना रहे थे वीडियो
आपको बता दें, जब कल्याण बनर्जी सभापति की नकल उतार रहे थे। उस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनका वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आए। इसके साथ ही बनर्जी के मजाक पर राहुल गांधी सहित विपक्ष के सभी नेता हसंते हुए नजर आए। कल्याण बनर्जी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications