'2024 में तमिलनाडु से बीजेपी को नही मिलेगी एक भी सीट', TN के मंत्री पर ED की छापेमारी पर बोले CM केजरीवाल
तमिलनाडु के मंत्री पर ईडी की छापेमारी को लेकर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी राजनीति में अंधी होकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रही है।
तमिलनाडु के बिजली मंत्री सेंथिल बालाजी के परिसरों पर ईडी की छापेमारी को लेकर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली सीएम ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो राजनीतिक बदले की भावना से अंधी होकर लोकतंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचा रही है।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर बीजेपी को लगता है कि तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी से उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जीतने में मदद मिलेगी। तो वो मूर्खों के स्वर्ग में जी रहे हैं।

सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि सभी भ्रष्ट लोग बीजेपी की शरण लेते हैं, जबकि ईडी और सीबीआई को विपक्षी नेताओं के लिए भेजा जाता है। तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी को बुधवार प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाने में लगे सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज सीपीआई के नेता डी राजा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी को लगता है कि वो विपक्ष के मंत्रियों को गिरफ्तार करके डर फैलाकर पार्टी राज्य में कुछ सीटें जीत जाएगी तो वे गलती कर रहे हैं। पूरा देश देख रहा है।
ईडी ने धनशोधन के एक मामले की जांच के तहत मंगलवार को तमिलनाडु के बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी और कुछ अन्य लोगों के घरों में छापेमारी की। इस पर सीएम केजरावाल ने ट्वीट कर कहा कि विपक्ष को परेशान करने और डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का बीजेपी दुरुप्रयोग कर रही है। बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी के खिलाफ ईडी के छापेमारी की कड़ी निंदा करता हूं। राजनीतिक बदले भावना से अंधी बीजेपी हमारे लोकतंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचा रही है।












Click it and Unblock the Notifications