दिल्ली: SC फैसले के बाद सीएम केजरीवाल LG से करेंगे मुलाकात, कई अधिकारियों के हो सकते हैं ट्रांसफर
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने एलजी विनय कुमार सक्सेना से मिलने के लिए समय मांगा है। साथ ही उन्होंने कई अधिकारियों के तबादले होने के संकेत दिए हैं।

दिल्ली में केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी की सरकार के बीच प्रशासनिक सेवाओं पर कंट्रोल को लेकर काफी लंबे समय से तनातनी चलती रही है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सीएम केजरीवाल ने एलजी विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात का समय मांगा है। वहीं, उन्होंने कई अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले की बात कही है।
मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली पांच सदस्यीय पीठ ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि अगर एक चुनी हुई सरकार को अपने अधिकारियों को कंट्रोल करने का अधिकार नहीं होगा तो इससे जवाबदेही के सिद्धातों की कड़ी अनावश्यक साबित हो जाएगी। इस टिप्पणी के साथ ही कोर्ट ने दिल्ली सरकार को अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर का अधिकार दे दिया।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रशासन के कामों में एलजी को चुनी गई सरकार की राय माननी चाहिए।
दिल्ली में केंद्र और दिल्ली सरकार में अधिकारों को लेकर हमेशा तनातनी बनी रही। अभी तक दिल्ली में अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर केंद्र सरकार की सलाह पर उपराज्यपाल आदेश जारी करके करते थे। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद अब ये अधिकार दिल्ली सरकार के अधीन आ गया है।
वहीं, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इस फैसले को जनतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों के साथ न्याय करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट का तहे दिल से शुक्रिया। इस निर्णय से दिल्ली के विकास की गति कई गुना बढ़ेगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि हम जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ और बेंच के सभी जजों को इस फैसले के लिए धन्यवाद देते हैं। मैं दिल्ली की जनता को बधाई देना चाहता हूं। आज के फैसले के बाद और काम होगा और हम एक जवाबदेह सरकार बनेंगे। कई सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों का तबादला होगा। पहले के प्रशासन की वजह से जल बोर्ड का भुगतान रोक दिया गया और मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने में बाधा डाली गई थी।












Click it and Unblock the Notifications