कोरोना से जंग जीत रही दिल्ली: 24 घंटों में मिले 8500 मरीज, पॉजिटिविटी रेट 12 फीसदी पर पहुंचा
नई दिल्ली, मई 14। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में गिरावट लगातार जारी है। साथ ही संक्रमण दर में भी गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कई दिनों के बाद दिल्ली के लिए एक अच्छी खबर आई है। उन्होंने बताया कि कई दिनों के बाद पहली बार दिल्ली में 10 हजार से नीचे कोरोना के नए केस सामने आए हैं। केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर 8500 के करीब केस दर्ज किए गए हैं। केजरीवाल ने बताया कि पॉजिटिविटि रेट भी 12% के करीब आ गया है।
Recommended Video

दिल्लीवासियों ने लॉकडाउन का किया है समर्थन
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में संक्रमण दर 36 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, लेकिन अब ये गिरकर 12 फीसदी तक आ गई है। केजरीवाल ने बताया कि पिछले 10 दिनों में दिल्ली के अस्पतालों में लगभग 3,000 बिस्तर खाली किए गए हैं, लेकिन आईसीयू बेड अभी भी भरे हुए हैं। केजरीवाल ने कहा कि जो अच्छे हालात बन रहे हैं, वो सख्त लॉकडाउन के कारण ही बन रहे हैं, दिल्लीवालों ने लॉकडाउन का खूब समर्थन किया है।
दिल्ली में कोरोना से हो रही हैं अधिक मौतें
आपको बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी जो आंकड़े आए थे, उनमें गिरावट दर्ज की गई थी। गुरुवार को दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10489 था। हालांकि 300 से अधिक मरीजों की मौत भी हो गई थी। दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। भले ही नए केस घट रहे हैं और संक्रमण दर भी घट रही है, लेकिन इस वायरस से जान गंवाने वाले मरीजों की संख्या 300 से अधिक ही सामने आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications