CJP Protest: सोनम वांगचुक अनशन पर, उधर ब्रेड पकोड़ा खाते दिखे अभिजीत दीपके,Viral Video पर मचा बवाल
CJP Protest Sonam Wangchuk Hunger Strike: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG 2026 पेपर लीक, बेरोजगारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
इसी बीच आंदोलन से जुड़े CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के ब्रेड पकोड़ा, नूडल्स और कचौड़ी खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। इन वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और दिपके को लगातार ट्रोल किया जा रहा है।

मंच पर 'कचौड़ी' और 'ब्रेड पकौड़ा': सोशल मीडिया पर उड़े मीम्स
पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर कई ऐसी वीडियो क्लिप्स वायरल हो रही हैं, जिनमें अभिजीत दीपके प्रदर्शन स्थल पर आराम से नूडल्स और ब्रेड पकौड़े खाते दिख रहे हैं। हद तो तब हो गई जब 6 जुलाई को एक वीडियो में वे अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के ठीक बगल में बैठकर कचौड़ी खाते नजर आए।
इन वीडियो के सामने आने के बाद आलोचकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखे सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि "जब आंदोलन कॉकरोच जनता पार्टी का है, तो अनशन पर सिर्फ सोनम वांगचुक ही क्यों बैठे हैं? पार्टी के अध्यक्ष और उनके साथी खुद मजे से कचौड़ी-पकौड़े क्यों तोड़ रहे हैं?"
इस विरोधाभास को लेकर इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई है और लोग इसे 'पिकनिक प्रोटेस्ट' बता रहे हैं।
वायरल वीडियो पर अभिजीत दीपके की सफाई: "यह ध्यान भटकाने की बचकानी कोशिश"
चारों तरफ से घिरने के बाद आखिरकार CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने 'इंडिया टुडे डिजिटल' से बातचीत में इस पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखा। दीपके ने वायरल वीडियो को पूरी तरह 'आउट ऑफ कॉन्टेक्स्ट' और उनके आंदोलन को बदनाम करने की साजिश बताया।
वीडियो पुराना है, वांगचुक तब आए भी नहीं थे: दीपके
ब्रेड पकौड़े वाले वीडियो पर सफाई देते हुए दीपके ने कहा, यह असली मुद्दों से देश का ध्यान भटकाने की एक बचकानी कोशिश है। जो वीडियो वायरल किया जा रहा है, वह सोनम सर के अनशन शुरू करने से बहुत पहले का है। उस वक्त सोनम सर यूरोप में एक क्लाइमेट समिट में गए हुए थे और आंदोलन में शामिल होने के लिए वो 8-10 दिन बाद भारत आए थे।
सब भूखे बैठेंगे तो आंदोलन कौन चलाएगा?
जब उनसे पूछा गया कि वे खुद अनशन पर क्यों नहीं बैठे, तो उन्होंने इसके पीछे एक रणनीतिक वजह बताई। दिपके ने कहा, "यह खुद सोनम सर का ही फैसला था। उन्होंने हमारी कोर टीम से कहा था कि सबको अनशन पर बैठने की जरूरत नहीं है। अगर पूरी कोर कमेटी ही भूखे बैठ जाएगी, तो जंतर-मंतर पर आने वाले हजारों छात्रों और लोगों को कौन संभालेगा? पुलिस के साथ रोज की कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर कौन बात करेगा? आंदोलन को चलाने के लिए बैकएंड टीम का एक्टिव रहना जरूरी है।"
इसके साथ ही दीपके ने एक अन्य इंटरव्यू में कहा- उन्हें माइग्रेन की समस्या है, जिसकी वजह से उनके लिए लंबे समय तक बिना खाए रखना मेडिकली काफी मुश्किल होता है।
वांगचुक की सेहत बिगड़ रही है, 5 किलो वजन घटा
अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक के गिरते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त की है। PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दीपके ने बताया कि 10 दिनों से अन्न का एक दाना न लेने के कारण वांगचुक का वजन करीब 5 किलोग्राम कम हो चुका है और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है।
दीपके ने कहा, "मैंने व्यक्तिगत रूप से सोनम सर से अनुरोध किया था कि वे अपनी बिगड़ती सेहत को देखते हुए अनशन खत्म कर दें, हम बिना उपवास के भी इस लड़ाई को जारी रख सकते हैं। लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक पेपर लीक के गुनहगारों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती, वे अपना अनशन वापस नहीं लेंगे।"














Click it and Unblock the Notifications