दिल्ली: एक सेल्फी की मदद से पकड़ी गई मेट्रो ट्रेन में 22 लाख के जेवर की चोरी
एक एनआरआई महिला ने जेवर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस केस की जांच के दौरान महिला चोरों के एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
दिल्ली। सीआईएसएफ ने मेट्रो ट्रेन में चोरी करने वाली महिलाओं के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गैंग की महिलाओं ने मेट्रो में एक एनआरआई महिला के पास से 22 लाख के जेवरों का बैग उड़ा लिया था। एक सेल्फी की मदद से यह चोरी पकड़ी गई और जेवर बरामद हो गए।

नीलम ने लिखवाई थी चोरी की रिपोर्ट
कैलिफोर्निया में रहनेवाली सॉफ्टवेयर इंजीनियर नीलम ने 9 दिसंबर को जेवर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। नीलम ने कहा था कि मेट्रो में वह पति के साथ सफर कर रही थी कि तभी 22 लाख के जेवरों भरा उसका बैग किसी ने केंद्रीय सचिवालय स्टेशन के पास से उड़ा लिया।
एक सेल्फी की मदद से पकड़ी गई चोरी
सीआईएसएफ ने इस चोरी की जांच शुरू की। उन्होंने जांच के दौरान पाया कि नीलम ने मेट्रो ट्रेन में एक सेल्फी ली थी जिसमें एक महिला ठीक उसके पीछे खड़ी थी।
सीआईएसएफ ने उस महिला को तलाश कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की बात कबूल कर ली और गिरोह के 5 और महिलाओं के बारे में जानकारी दी। इस गिरोह की सरगना कमला नाम की महिला है।

22 लाख के जेवर सीआईएसएफ ने किए बरामद
इस गिरोह के सभी चोरों को सीआईएसएफ ने पकड़ लिया है। चोरों के पास से पुलिस ने नीलम के चोरी हुए 22 लाख के जेवर बरामद कर लिए। इस केस को सुलझाने वाली तीन महिला जवानों को पुरस्कृत किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications