दिल्ली में बिगड़ती हवा पर केंद्र ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, गोपाल राय ने साझा किया एक्शन प्लान
Delhi News: दिल्ली और उत्तर भारत में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंब चौहान, भूपेंद्र यादव उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के पर्यावरण मंत्रियों की बैठक हुई। बैठक में विशेष रूप से पराली जलाए जाने का मुद्दा उठाया गया। इसके बाद दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने गोपाल राय (Gopal Rai) ने कहा कि उम्मीद है कि बैठक के सकारात्मक नतीजे आएंगे और केंद्र सरकार हमारी सुझावों पर अमल करेगी। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर इस बैठक में चर्चा हुई है।
गोपाल राय ने प्रेस वार्ता कर कहा, दिल्ली में सर्दियों से पहले प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है और सिर्फ दिल्ली ही नहीं पूरे उत्तर भारत में प्रदूषण का असर होता है। इसी को लेकर आज भारत सरकार के मंत्री और उत्तर भारत की राज्य सरकारों के मंत्रियों की एक बहुप्रतिक्षित बैठक हुई। पिछले साल ये बैठक सितंबर में हुई थी और इस बार अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में ये बैठक हो रही है अगर समय पर ये बैठक हो जाती तो इस प्रदूषण से और बेहतर तैयारी के साथ निपटा जा सकता था।

गोपाल राय ने कहा, हमने दो मांग की है। एक पराली जलाने की समस्या, जो पंजाब में कम हो रही है। लेकिन सीमा पर पराली जलने की घटना बढ़ रही है जिसे रोका जाए। अगले 15 दिनों में काफी सक्रियता के साथ इस पर रोक की जरूरत है क्योंकि दिवाली के बाद बढ़ोतरी देखी जाती है।
कृत्रिम वर्षा का मुद्दा उठाया
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने बैठक में आर्टिफिशियल रेन कराने की भी मंजूरी देने की मांग की। गोपाल राय ने कहा, जैसा आप सब जानते हैं कि मैं पिछले डेढ़ महीने से दिल्ली में कृत्रिम बारिश के लिए 3 बार केंद्र सरकार को पत्र लिख चुका हूँ। आज मैने केंद्रीय कृषि मंत्री और पर्यावरण मंत्री से निवेदन किया है कि इसे लेकर बैठक की जाए। केंद्रीय कृषि मंत्री ने इस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications