'CBI आपकी जेब में, इसलिए पढ़ रहे कसीदे', तारीफ करने पर संजय सिंह ने PM मोदी पर साधा निशाना
संजय सिंह ने कहा कि सीएम रहते मोदी जी ने सीबीआई को कांग्रेस ब्यूरो इंवेस्टिगेशन कहा था। उनपर कई सवाल उठाए थे। आज कसीदे पढ़ रहे हैं।

Sanjay Singh PM Modi CBI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की डायमंड जुबली कार्यक्रम का सोमवार को उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने सीबीआई की जमकर तारीफ की। सीबीआई को पीएम मोदी की तारीफ पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सीबीआई की शान में कसीदे पढ़े हैं। सोचने वाली बात है कि ये तारीफ सीबीआई की कार्यशैली के लिए है या इसलिए कि CBI उनकी जेब में है।
संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते मोदी जी ने CBI को 'Congress Bureau of Investigation' कहा था। उन्होंने पूछा कि क्या CBI ने ललित मोदी, 20 हजार करोड़ लेकर भागे नीरव मोदी या फिर मेहुल चोकसी के खिलाफ कार्रवाई की। अडानी ने 42 हजार करोड़ का कालाधन अपनी कंपनी में लगाया। क्या CBI ने कार्रवाई की? CBI ने केवल BJP के इशारे पर झूठे मुक़दमे कर सरकारों को गिराने की कार्रवाई की है।
Recommended Video

बता दें कि पीएम मोदी ने आज कहा कि सीबीआई की जांच की मांग के लिए तो आंदोलन तक किए जाते हैं, लोग कहते हैं कि मामले को CBI को दे दो। न्याय, इंसाफ के ब्रैंड के तौर सीबीआई का नाम सबकी जुबान पर है। जिन्होंने भी सीबीआई में योगदान दिया वे बधाई के पात्र हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने सीबीआई को साफ शब्दों में संदेश देते हुए कहा कि किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपको (CBI) कहीं पर भी रुकने की जरूरत नहीं है। मैं जानता हूं आप जिनके खिलाफ एक्शन ले रहे हैं वे बेहद ताकतवर लोग हैं, बरसों तक वे सरकार और सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। आज भी वे कई जगह किसी राज्य में सत्ता का हिस्सा हैं लेकिन आपको अपने काम पर फोकस रखना है कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए।
यह भी पढ़ें- Land For Job: तेजस्वी और मीसा भारती से सीबीआई-ईडी की पूछताछ पर मां राबड़ी क्या बोलीं?












Click it and Unblock the Notifications