"मोदी के खिलाफ बोले तो जाना होगा जेल", बीजेपी कर रही "आप" को मिटाने का षड्यंत्र
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) इन दिनों डोर-टू-डोर कैंपेन कर रही है। घर-घर जा कर आम आदमी के नेता और कार्यकर्ता लोगों से यह जानने में लगे हुए हैं कि अगर शराब मामले में मुख्यमंत्री केजरीवाल को जेल भेजा जाता है तो क्या उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या नहीं। इसे लेकर "मैं भी केजरीवाल" हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत शनिवार को आम आदमी पार्टी के दिल्ली उपाध्यक्ष और विधायक राजेश गुप्ता ने वजीरपुर विधानसभा में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। जबकि, आप के विधायक महेंद्र गोयल ने रिठाला विधानसभा में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। इस कैंपेन को दिल्ली की जनता खूब सपोर्ट कर रही है।

दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कैंपेन के दौरान कहा, "मोदी सरकार ने हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को जेल में डालने का जो षड्यंत्र रचा है, उसी को लेकर हम घर-घर जाकर लोगों की राय ले रहे हैं। भाजपा कह रही है कि अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री चुना है। जो जनता की राय होगी, वह हमारे लिए सर्वोपरि होगी। जो जनता कहेगी, अरविंद केजरीवाल वैसा ही करेंगे।"
हम बीजेपी से नहीं डरेंगे
बीजेपी पर निशाना साधते हुए राजेश गुप्ता ने कहा कि हम भाजपा से डरने वाले नहीं हैं। उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी जनता के दिलों में राज करती है। बीजेपी ईडी और सीबीआई से डरा कर परेशान तो कर सकती है लेकिन आप को हरा नहीं सकती। उन्होंने आगे कहा, "जिस तरह से आज विपक्षी नेताओं को जेल में डाला जा रहा है, यह देश की जनता कभी भी भूलने वाली नहीं है। आज जो भी मोदी सरकार से सवाल करता है, उसको सलाखों के पीछे डाल दिया जाता है। मोदी सरकार की ईडी और सीबीआई के पास मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। फिर भी वो जेल के अंदर हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही हमें न्याय मिलेगा।"
दिल्ली की जनता केजरीवाल के साथ
"आप" उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को दिल्ली की जनता का पूरा सपोर्ट है। आम आदमी पार्टी देश की इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसके नेताओं का कोई भी राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है। उन्होंने कहा," हम आम जनमानस के बीच से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के बेटे हैं और दिल्ली के दिल में बसते हैं। उनको डरा पाना भाजपा के लिए नामुमकिन है। आज हम जितने लोगों से भी मिले, उनमें से 95 फीसद लोगों का यही कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हमारे नेता हैं। हमने वोट देकर उनको जिताया है। अरविंद केजरीवाल को भाजपा के षड्यंत्र में फंसकर अपने पद से इस्तीफा नहीं देना चाहिए।"
राजेश गुप्ता का कहना है कि जनता चाहती है कि यदि केजरीवाल को जेल भी हो जाए तो वो वहां से सरकार चलाएं। जेल में ही मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक करें।
बीजेपी "आप" को खत्म करने की साजिश कर रही है
"आप" उपाध्यक्ष ने आगे कहा कि मोदी सरकार आम आदमी पार्टी को मिटाने की कोशिश कर रही है पर ऐसा हो नहीं पाएगा। भाजपा आप के खिलाफ षड्यंत्र रच रही है। जिस तरीके से आम आदमी पार्टी का पूरे देश में विस्तार हो रहा है उससे मोदी सरकार घबराई हुई है।
उन्होंने कहा, "जब से आम आदमी पार्टी ने गुजरात में अच्छा प्रदर्शन किया है, तब से मोदी सरकार के पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है। आम आदमी पार्टी की शिक्षा और स्वास्थ्य नीतियों का उनके पास कोई तोड़ नहीं है। इसीलिए भाजपा ईडी और सीबीआई का सहारा ले रही है। वह (बीजेपी) जानते हैं कि जिस तरीके से आम आदमी पार्टी की दिल्ली और पंजाब सरकार काम कर रही हैं, उसके चलते आम आदमी पार्टी को हरा पाना नामुमकिन है। इसीलिए भाजपा आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर आम आदमी पार्टी को तोड़ने का षड्यंत्र रच रही है।" राजेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा का यह षड्यंत्र कामयाब नहीं होगा। आम आदमी पार्टी मिल कर इसका मुकाबला करेगी।












Click it and Unblock the Notifications