दिल्ली चुनाव के लिए बीजेपी की तैयारी शुरू, बनाई घोषणापत्र समिति, जानिए किसे क्या मिली जिम्मेदारी?
Delhi assembly polls: अगले साल राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने है। इन चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी ने शनिवार 16 नवंबर को दिल्ली विधानसभा चुनाव घोषणापत्र समिति का गठन किया है। इस समिति में कुल 12 सदस्यीय शामिल है।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, बीजेपी की इस घोषणापत्र समिति की अध्यक्षता दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी करेंगे। साथ ही, बीजेपी में शामिल कांग्रेस के पूर्व दिल्ली चीफ अरविंदर सिंह लवली को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें, चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं और बीजेपी का लक्ष्य इस घोषणापत्र के माध्यम से दिल्ली के लिए अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है।

12 सदस्य हैं शामिल
बीजेपी की ओर से जारी किए गए घोषणा पत्र समिति में कुल 12 सदस्य शामिल हैं। इनके नाम हैं- रामवीर सिंह बिधूड़ी (संयोजक), डॉ. हर्ष वर्धन, सरदार अरविंदर सिंह लवली, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, मीनाक्षी लेखी, प्रवेश साहिब सिंह, अजय महावर, प्रवीण शंकर कपूर, अभिषेक टंडन, राजकुमार फलवारिया और नीतू डबास।
चुनाव संचालन समिति का भी किया ऐलान
बीजेपी ने घोषणा पत्र समिति के साथ-साथ अपनी चुनाव संचालन समिति की भी घोषणा कर दी है। इस समिति का नेतृत्व दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा करेंगे। हर्षदीप मल्होत्रा को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दुष्यंत गौतम, मनोज तिवारी और सरदार अरविंदर सिंह लवली को सह-संयोजक बनाया गया है। इस समिति में कुल 23 सदस्य शामिल हैं।
AAP पर लगाए ये आरोप
बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के 10 साल के शासन में दिल्ली एक "झुग्गी-झोपड़ी" में तब्दील हो गई है, जहां सड़कें, नालियां, पेयजल और नागरिक बुनियादी ढांचे जैसी बुनियादी सुविधाएं ध्वस्त हो गई हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के घोषणापत्र में बताया जाएगा कि अगर पार्टी चुनाव जीतती है तो कैसे बदलाव लाया जाएगा।
उन्होंने कहा, "घोषणापत्र में यह भी बताया जाएगा कि बीजेपी किस प्रकार दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं और जरूरतों को पूरा करेगी, जिन्हें आप ने उपेक्षित किया है और जिनके साथ विश्वासघात किया है।" बिधूड़ी ने कहा कि घोषणापत्र तैयार करने से पहले जनता से व्यापक प्रतिक्रिया ली जाएगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि घोषणापत्र समिति की पहली बैठक रविवार को होगी।
दिल्ली में 70 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव फरवरी में होने हैं। दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनावों 2015 और 2020 में आप ने भाजपा को लगातार करारी शिकस्त दी थी। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि भाजपा आप सरकार की चल रही मुफ्त योजनाओं में कोई छेड़छाड़ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा, "हमारे नेता पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं जारी रहेंगी और इनका लाभ दिल्ली के मध्यम वर्ग को भी मिलेगा।" वहीं, आप आरोप लगाती रही है कि अगर दिल्ली में बीजेपी सत्ता में आई तो मुफ्त बिजली, पानी, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा और महिलाओं के लिए बस यात्रा जैसी योजनाएं खत्म हो जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications