दिल्ली में इस बार भी दिवाली पर पटाखे बैन, केजरीवाल सरकार ने लगाया 1 जनवरी 2023 तक प्रतिबंध
नई दिल्ली, 07 सितंबर। देश की राजधानी को प्रदूषण से बचाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा, दिल्ली में लोगों को प्रदूषण के खतरे से बचाने के लिए पिछले साल की तरह ही इस बार भी सभी तरह के पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जा रहा है, तांकि लोगों की जिंदगी बचाई जा सके। इस बार दिल्ली में पटाखों की ऑनलाइन बिक्री / डिलीवरी पर भी प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध 1 जनवरी 2023 तक लागू रहेगा। प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने को लेकर दिल्ली पुलिस, DPCC और राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जाएगी।

बता दें कि मंगलवार को दिल्ली सरकार की विंटर एक्शन प्लान पर बैठक हुई। इस बैठक में गोपाल राय ने विंटर एक्शन प्लान को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में सरकार का मुख्य फोकस 15 बिंदुओं पर था, जिसके लिए तकरीबन 30 विभागों को विस्तृत योजना तैयार करने के लिए कहा गया था। पर्यावरण विभाग को 15 सितंबर तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था।
यही नहीं पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए विकास एवं राजस्व विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है। साथ ही धूल प्रदूषण को रोकने के लिए PWD, एमसीडी, डीसीबी, एनडीएमसी, डीडीए, सीपीडब्ल्यूडी, आई एंड एफसी, दिल्ली मेट्रो, राजस्तव विभाग, दिल्ली जल बोर्ड को नोडल एजेंसी के तौर पर नियुक्त किया गया है। वहीं वाहनों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, ट्रांसपोर्ट विभाग, डीआईएमटीएस, डीटीसी, दिल्ली मेट्रो, जीएडी को जिम्मा सौंपा गया है।












Click it and Unblock the Notifications