भारत जोड़ो यात्रा आज पहुंचेगी दिल्ली: पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, निकलने से पहले देख लें रूट
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का पैदल मार्च 'भारत जोड़ो यात्रा' शनिवार सुबह छह बजे बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगा।

Bharat Jodo Yatra Delhi traffic advisory: कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' आज शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रवेश करने वाली है। राहुल गांधी के नेतृत्व में 107 दिन चलने के बाद 'भारत जोड़ो यात्रा' आज दिल्ली में आने वाली है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि दिल्ली में आज ज्यादा ट्रैफिक रहने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी में यात्रियों को रूट्स और किन रास्तों से जाना है, कहां अधिक जाम रहेगा, इसको लेकर बताया है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट की मुताबिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को बदरपुर सीमा से लाल किले तक यात्रा करने से बचने और सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा उपयोग करने की सलाह दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा, ''24 दिसंबर 2022 को दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर अलग-अलग रास्तों पर यातायात में बदलाव किया गया है। नागरिकों से गुजारिश है कि वे प्रभावित सड़कों पर जाने से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें।"
बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह छह बजे बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा लोग मथुरा रोड से होते हुए आश्रम की ओर चलेंगे और जाकिर हुसैन मार्ग, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, आईटीओ और लाल किले तक जाएंगे। इसके बाद कांग्रेस नेताओं का एक समूह राष्ट्रीय नेताओं को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए लाल किले से नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए राजघाट तक पैदल जाएगा। शाम करीब साढ़े चार बजे नेताओं के राजघाट पहुंचने की उम्मीद है।
दिल्ली कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने बताया है कि दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से लगभग 40,000 लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
7 सितंबर को शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और हरियाणा को कवर कर चुकी है। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए और बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी जैसे मुद्दों को उठाने के लिए ये जन संपर्क कार्यक्रम शुरू किया है।












Click it and Unblock the Notifications