अटल जी की पुण्यतिथि पर दिल्ली को मिला बड़ा तोहफा, 25 नई अटल कैंटीन शुरू, अब 100 जगह मिलेगा ₹5 में खाना
दिल्ली में जरूरतमंद लोगों के लिए अटल कैंटीन योजना का दायरा अब और बढ़ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 25 नई अटल कैंटीन का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति एम। वेंकैया नायडू, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे। इन 25 नई कैंटीन के शुरू होने के साथ दिल्ली में अटल कैंटीन की संख्या अब 100 हो गई है।

100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा, हर दिन मिलेगा खाना
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशती के दौरान दिल्ली सरकार ने समाज के आखिरी व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का फायदा पहुंचाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि 100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा होना उसी सोच का हिस्सा है।
रेखा गुप्ता ने कहा,
"अटल जी ने पूरी जिंदगी देश की सेवा की। वह विपक्ष में रहे, बीजेपी के नेता रहे और प्रधानमंत्री भी बने। लेकिन उनकी सोच हमेशा यही रही कि देश के हर व्यक्ति को साथ लेकर आगे बढ़ना है।"
सीएम रेखा गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाज में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति की जरूरत को समझना जरूरी है। रेखा गुप्ता ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र से भी जोड़ा।
365 दिन, हर कैंटीन में 1,000 लोगों के लिए भोजन
सरकार के मुताबिक दिल्ली की 100 अटल कैंटीन में साल के 365 दिन जरूरतमंद लोगों को खाना उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। हर कैंटीन से रोज करीब 1,000 लोगों को भोजन देने की योजना है। इस हिसाब से एक साल में करीब 3 करोड़ 65 लाख भोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसका फायदा खास तौर पर गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों को मिलेगा।
सिर्फ ₹5 में पौष्टिक थाली, कब शुरू हुई थी योजना?
अटल कैंटीन योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर की गई थी। यहां लोगों को सिर्फ ₹5 में पौष्टिक भोजन की थाली देने की व्यवस्था की गई है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी योजना की तारीफ की। उन्होंने कहा, "जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह संकल्प लिया कि देश में कोई भूखा नहीं सोएगा और करोड़ों लोगों तक मुफ्त अनाज पहुंचाया, उसी सोच को दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आगे बढ़ा रही हैं।"
इस तरह 25 नई कैंटीन शुरू होने के बाद अब दिल्ली में 100 अटल कैंटीन जरूरतमंदों को कम कीमत में भोजन उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।


Click it and Unblock the Notifications
