अब 1 जनवरी से बंद होगा आश्रम फ्लाईओवर, क्रिसमस-न्यू ईयर की वजह से लिया गया फैसला
Ashram flyover close date: 25 दिसंबर की जगह अब आश्रम फ्लाईओवर 1 जनवरी को बंद होगा। इस दौरान दिल्ली से नोएडा आने-जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है, जहां आश्रम फ्लाईओवर को बंद करने की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है। लोक निर्माण विभाग अब आश्रम फ्लाईओवर को 1 जनवरी को बंद करेगा। इससे पहले 25 से 31 दिसंबर के बीच की तारीख तय की गई थी, लेकिन क्रिसमस और न्यू ईयर को देखते हुए इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। फ्लाईओवर पर ट्रैफिक बंद होने के बाद करीब 45 दिनों तक लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
PWD अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 45 दिनों के लिए फ्लाईओवर को अस्थायी रूप से बंद करने की मंजूरी दे दी है। 1 जनवरी से शुरू होने वाला काम फरवरी 2023 के दूसरे सप्ताह तक जारी रह सकता है। हालांकि ट्रैफिक को स्लिप रोड पर जाने की अनुमति होगी। इस फ्लाईओवर के बंद होने से पूर्वी दिल्ली, नोएडा, दक्षिणी दिल्ली और हवाईअड्डे के बीच चलने वाले ट्रैफिक पर बड़ा असर पड़ेगा।
वहीं मामले में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि कम से कम 3-4 लाख वाहन रोजाना आश्रम चौराहे से पीक आवर्स में गुजरते हैं, जिससे बड़ी भीड़ होती है। एक बार फ्लाईओवर बंद हो जाने के बाद बारापुला फ्लाईओवर, कालिंदी कुंज, मथुरा रोड और आईटीओ पर ट्रैफिक बढ़ जाएगा। इससे बचने के लिए लोग बारापुला का रास्ता ले सकते हैं।
क्यों बंद हो रहा फ्लाईओवर?
नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले लोग DND का इस्तेमाल करते हैं। इस रोड पर पीक आवर में भी ज्यादा जाम नहीं रहता, लेकिन आश्रम फ्लाईओवर से उतरते ही भारी जाम लग जाता है। ऐसे में आश्रम फ्लाईओवर को 1.42 किमी आगे बढ़ाकर DND से जोड़ दिया जाएगा। इसी वजह से इसे 45 दिनों के लिए बंद किया जा रहा। वैसे तो इस दौरान लोगों को काफी दिक्कत होगी, लेकिन उसके बाद आश्रम फ्लाईओवर के पास लगने वाला जाम खत्म हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications