केजरीवाल का भाजपा से सवाल, क्या आपने आठ साल में एक कश्मीरी पंडित को भी घाटी में बसाया?
नई दिल्ली, 26 मार्च: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर कश्मीरी पंडितों को लेकर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी प्रमुख केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि कश्मीर फाइल्स फिल्म के नाम पर भाजपा लगातार राजनीति कर रही है और कश्मीरी पंडितों की हमदर्द बन रही है लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कोई काम नहीं किया है। भाजपा की आठ साल से केंद्र में सरकार है, वो बता दें कि क्या इस दौरान एक भी कश्मीरी पंडित परिवार को उन्होंने वापस घाटी में बसाया है।

अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी को कश्मीरी पंडितों के पलायन पर राजनीति करने वाली पार्टी बताते हुए कहा उनसे सवाल किया मोदी सरकार के समय में कितने लोगों को घाटी में फिर से बसाया है। इस सवाल का जवाब उनको देना चाहिए। एक भी परिवार को बसाया होतो वो बता दें। भाजपा इस मुद्दे पर सिर्फ और सिर्फ राजनीति कर रही है।
अरविंद केजरीवाल ने 'द कश्मीर फाइल्स' को यूट्यूब पर अपलोड किया जाने की बात को भी फिर से दोहराया है। उन्होंने कहा, हमारी मांग है कि कश्मीर फाइल्स फिल्म को यूट्यूब पर अपलोड कर दिया जाए। वहीं इससे कमाए गए पैसे को कश्मीरी पंडितों के कल्याण पर खर्च किया जाए।
केजरीवाल के विधानसभा भाषण से बाद शुरू हुई आप-भाजपा में जुबानी जंग
अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा में बोलते हुए कहा था कि बीजेपी के एक कश्मीर फाइल्स फिल्म के पोस्टर लगाते हुए घूम रहे हैं। उन्होंने बीजेपी शासित राज्यों में इस फिल्म को टैक्स फ्री बनाने किए जाने पर कहा था कि इस यूट्यूब पर डाल दीजिए, फिर ये सबके लिए ही फ्री हो जााएगी।
कश्मीर घाटी से पंडितों के पलायन पर बनी फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर कई विवाद हैं। केजरीवाल के फिल्म पर इस बयान के बाद वो भारतीय जनता पार्टी और फिल्म निर्माताओं के निशाने पर आ गए। कई बीजेपी नेताओं ने कहा कि उन्होंने इस तरह से फिल्म का मजाक उड़ाकर संवेदनहीनता का परिचय दिया है। जिसके बाद आज केजरीवाल ने भाजपा पर पलटवार किया है।












Click it and Unblock the Notifications