'ईमानदारी से जिया है मैंने अपना जीवन, छिपाने को कुछ नहीं...', ED के समन पर CM केजरीवाल का जवाब
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में ईडी ने समन भेजा था। ईडी की ओर से अरविंद केजरीवाल को आज पेश होने के लिए कहा गया था। लेकिन इस बार भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने इस समन को गैरकानूनी बताते हुए कहा कि मेरे पास कुछ भी छिपाने के लिए नहीं है।
ईडी के समन का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि इस बार भी ईडी का यह समन पिछली बार की तरह गैरकानूनी है। इडी को इस समन को वापस लेना चाहिए क्यों कि यह समन राजनीति से प्रेरित है। मैंने अपने जीवन को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जिया है, मेरे पास कुछ भी छिपाने को नहीं है।

बता दें कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को आज ईडी के सामने पेश होना था, लेकिन केजरीवाल 10 दिन के लिए विपश्यना के लिए पंजाब पहुंचे हैं। हालांकि इस बात की जानकारी नहीं है कि मुख्यमंत्री किस जगह पर विपश्यना करने जा रहे हैं। इससे पहले ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 2 नवंबर को पेशी के लिए समन भेजा था, लेकिन उस वक्त भी ईडी के सामने पेश होने की बजाए मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश में रैली करने के लिए चले गए थे।
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को ईडी के टाइमिंग पर सवाल खड़ा करते हुए कहा था कि ईडी के समन को वकील देख रहे हैं, इस बाबत कानूनी तौर पर उचित कदम उठाया जाएगा। पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विपश्यना का कार्यक्रम पहले से ही तय था। इसकी जानकारी पहले से ही लोगों के बीच है। वह 19 को विपश्यना जाएंगे यह पहले से तय कार्यक्रम है। वह हमेशा से विपश्यना का कोर्स करने के लिए जाते हैं।
ईडी के समन पर सवाल खड़ा करते हुए चड्ढा ने कहा था कि यह समन पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। अगर आज संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन भाजपा में शामिल होने के लिए राजी हो जाएं तो भाजपा उन्हें बैंड-बाजा के साथ पार्टी में शामिल कराएगी और तुरंत ही उनके खिलाफ दर्ज सारे केस वापस ले लिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications