Arvind Kejriwal Bail Journey: केजरीवाल का जेल से बेल तक का सफर, Timeline में जानिए 177 दिन की पूरी कहानी
Arvind Kejriwal Journey Jail To Bail: हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले से जुड़े केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) केस में आज (13 सितंबर 2024) को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है।
इससे पहले उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) केस में भी जमानत मिल चुकी थी, लेकिन CBI की गिरफ्तारी के कारण उन्हें जेल में रहना पड़ा। करीब 177 दिन बाद केजरीवाल पूरी तरह से तिहाड़ जेल से रिहा हुए हैं।

तेज बारिश के बीच जेल से बाहर आए केजरीवाल का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मानिए, आप के लिए जश्न का माहौल हो। मीडिया से मुखातिब हुए केजरीवाल ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि उन्होंने (बीजेपी) मुझे जेल में डाल दिया, उन्होंने सोचा कि केजरीवाल को सलाखों के पीछे डालने से उनका मनोबल टूट जाएगा। आज, मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं जेल से बाहर आ गया हूं, मेरा मनोबल 100 गुना बढ़ गया है। मेरी ताकत 100 गुना बढ़ गई है। आइए आपको टाइमलाइन में रूबरू कराते हैं, जेल से जमानत तक का सफर...
जेल से बेल तक की टाइमलाइन (Arvind Kejriwal Bail Journey Timeline)
- नवंबर 2021: केजरीवाल सरकार ने नई आबकारी नीति (शराब नीति) लागू की।
- जुलाई 2022: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस नीति में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए CBI जांच की मांग की।
- अगस्त 2022: CBI और ED दोनों ने मामले में केस दर्ज किया।
- सितंबर 2022: दिल्ली सरकार ने आबकारी नीति को रद्द करने का ऐलान किया।
- 30 अक्टूबर 2023: ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में केजरीवाल को पहला समन भेजा।
- 2 नवंबर 2023: केजरीवाल समन के बावजूद पेश नहीं हुए और मध्य प्रदेश में चुनावी जनसभा में गए।
- फरवरी 2023: CBI ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया और केजरीवाल से भी पूछताछ की।
- अप्रैल 2023: CBI ने केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया।
- दिसंबर 2023: ED ने केजरीवाल को फिर से समन जारी किए, लेकिन वे पेश नहीं हुए।
- 7 फरवरी 2024: कोर्ट ने ED की शिकायत पर केजरीवाल को समन भेजा।
- 21 मार्च 2024: केजरीवाल को ED द्वारा गिरफ्तार किया गया।
- 23 मार्च 2024: केजरीवाल ने गिरफ्तारी को हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन राहत नहीं मिली।
- 10 मई 2024: सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रचार के लिए केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दी।
- 1 जून 2024: चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया।
- 12 जुलाई 2024: केजरीवाल को ED केस में जमानत मिली, लेकिन CBI के मामले में जेल में रहना पड़ा।
- 5 सितंबर 2024: सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा।
- 13 सितंबर 2024: सुप्रीम कोर्ट ने 10 लाख रुपये के बॉन्ड पर केजरीवाल को जमानत दी।
ये भी पढ़ें- Arvind Kejriwal Tension: सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई, फिर भी मुश्किलों में घिरे हैं केजरीवाल, जानें कैसे?
केजरीवाल को इन शर्तों पर रिहाई (Arvind Kejriwal Bail Conditions)
- 10 लाख के दो मुचलके भरने पर रिहाई होगी।
- मुख्यमंत्री कार्यालय जाने की अनुमति नहीं होगी।
- किसी फाइल पर दस्तखत नहीं कर सकते।
- केस से जुड़े किसी मुद्दे पर सार्वजनिक चर्चा नहीं कर सकते।
- जांच में बाधा डालने या गवाहों को प्रभावित करने पर रोक।
- जरूरत पड़ने पर ट्रायल कोर्ट में पेश होना होगा।
- जांच में सहयोग करना आवश्यक होगा।
क्या है आगे का रास्ता?
हालांकि, अरविंद केजरीवाल को जमानत मिल गई है, लेकिन केस से जुड़ी शर्तों के कारण उनकी राजनीतिक गतिविधियां सीमित रहेंगी। अब देखना होगा कि चुनाव प्रचार में उनकी क्या भूमिका होगी और यह मामला आगे कैसे बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications