'रिंकिया के पापा को हराओ', कन्हैया कुमार के लिए वोट मांगते हुए केजरीवाल का मनोज तिवारी पर कटाक्ष
Delhi Lok Sabha Election 2024: दिल्ली के कथित शराब घोटाले में ईडी की गिरफ्तारी के बाद जमानत पर बाहर आए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल लोकसभा चुनाव के तहत जमकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं। मंगलवार को अरविंद केजरीवाल उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर इंडिया गठबंधन उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर-पूर्व दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में भजनपुरा में रोड शो किया। इस दौरान केजरीवाल ने मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी पर कटाक्ष करते हुए लोगों से अपील करते हुए कहा कि 'रिंकिया के पापा को हराना' है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार कन्हैया कुमार के लिए प्रचार करते हुए आप प्रमुख ने कहा, "यह कन्हैया हैं, यहां के उम्मीदवार हैं। आपको यहां झाड़ू का चुनाव चिह्न नहीं मिलेगा। आपको हाथ के निशान के लिए वोट करना होगा। दूसरा बटन दबाना है। हमें उत्तर पूर्वी दिल्ली से भारतीय गठबंधन के उम्मीदवार कन्हैया कुमार को विजयी बनाना है और रिंकिया के पापा को हराना है।''
'कहीं से चवन्नी भी नहीं मिली'
वहीं केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, "अगर आपने कमल का बटन दबाया तो मुझे जेल जाना पड़ेगा लेकिन अगर आपने यहां पंजे का बटन दबाया तो मुझे जेल नहीं जाना पड़ेगा। वे लोग कहते हैं 100 करोड़ से ज्यादा का घोटाला हुआ, लेकिन इन्होंने 500 से ज्यादा छापेमारी कर ली पर कहीं से चवन्नी भी नहीं मिली।"
लोकसभा चुनाव प्रचार के तहत उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इंडिया गठबंधन के समर्थन में विशाल रोड शो। https://t.co/1EFDalNkdp
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 21, 2024
मनोज तिवारी 10 साल में दिखाई नहीं दिए-कन्हैया
इधर, कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने कहा, "मनोज तिवारी के लिए उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोग कह रहे हैं कि मनोज तिवारी 10 साल में दिखाई नहीं दिए, 10 साल में उन्होंने इस क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया और इस बार लोग काम नहीं करने वाले सांसद को बदलेंगे और बदलाव होगा।"












Click it and Unblock the Notifications