जहांगीरपुरी घटना: अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से की बात, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश
नई दिल्ली, 16 अप्रैल: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जन्मोत्सव पर शोभा यात्रा निकालते समय दो पक्षों के बीच बवाल हो गया। उपद्रवियों द्वारा कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई है और पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। दिल्ली में हुआ इस हिंसा को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली सीनियर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली है।
Recommended Video

गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना से बात की है। गृह मंत्री ने पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है और साथ ही साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती है। मौके पर आरएएफ भी मौजूद है। उपराज्यपाल ने राष्ट्रीय राजधानी में हिंसा और पथराव की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि इन गतिविधियों के पीछे किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने सीपी, दिल्ली के साथ स्थिति का भी जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया है कि हाथापाई में घायल हुए नागरिकों के अलावा घायल पुलिस कर्मियों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाए। एलजी ने दिल्ली के सीएम से भी बात की। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। केजरीवाल ने कहा कि लोगों से कहना चाहता हूं कि उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखनी है क्योंकि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता।
दिल्ली पुलिस के सीपी राकेश अस्थाना ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। जहां घटना हुई, वहां हमने अतिरिक्त बल तैनात किया है, इसके साथ ही पूरी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में विशेष तैनाती की गई है। दो पुलिसकर्मी हुए घायल, हम आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
कानून और व्यवस्था के विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने कहा कि, हम स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं। हमारी प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रण में लाना है। हम लोग घायलों का आंकलन कर रहे हैं। हम लोगों से बात कर शांतिपूर्ण वातावरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे अपील है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें। हमने यहां सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की है। लोगों से अपील है कि वह शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह में न पड़ें। एक जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। हम लोग मामले की जांच कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications